Movie prime

क्या आप जानते हैं 'चिंगारी कोई भड़के' गाने की अनसुनी कहानी? विशाल ददलानी ने किया खुलासा!

विशाल ददलानी ने हाल ही में 'इंडियन आइडल' पर 'चिंगारी कोई भड़के' गाने की अनसुनी कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि कैसे बारिश के दौरान एक साधारण घटना ने इस गाने के बोलों को प्रेरित किया। जानें इस दिलचस्प किस्से के बारे में और कैसे यह गाना आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है।
 
क्या आप जानते हैं 'चिंगारी कोई भड़के' गाने की अनसुनी कहानी? विशाल ददलानी ने किया खुलासा!

विशाल ददलानी का दिलचस्प किस्सा




मुंबई, 22 मई। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के कई पुराने गाने आज भी लोगों के दिलों में खास स्थान रखते हैं। इनमें से एक प्रसिद्ध गाना है 'चिंगारी कोई भड़के', जिसके पीछे की कहानी भी उतनी ही दिलचस्प है। हाल ही में, सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के मंच पर, संगीतकार और गायक विशाल ददलानी ने इस गाने से जुड़ा एक अनोखा किस्सा साझा किया।


विशाल ने बताया कि 'चिंगारी कोई भड़के' गाने का निर्माण मशहूर संगीतकार आर. डी. बर्मन (पंचम दा) और प्रसिद्ध गीतकार आनंद बख्शी की अद्भुत सोच का परिणाम था। उन्होंने कहा, "पंचम दा ने पूरी रात इस गाने की धुन पर काम किया। जब धुन तैयार हो गई, तो उन्होंने इसे आनंद बख्शी को दिया ताकि वह इसके बोल लिख सकें।"


विशाल ने आगे कहा, ''उस समय बारिश का मौसम था। आनंद बख्शी रात में घर लौटते समय सिगरेट जलाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बारिश के कारण उनका लाइटर बार-बार बुझ रहा था। इसी पल ने उनके दिमाग में एक अनोखी सोच को जन्म दिया। तभी उनके मन में यह लाइन आई – 'चिंगारी कोई भड़के तो सावन उसे बुझाए।' यही वह क्षण था, जिसने इस प्रसिद्ध गीत के बोलों की शुरुआत की।''


विशाल ने इस किस्से को सुनाते हुए कहा, ''सच्चे कलाकार वही होते हैं, जो जीवन की साधारण घटनाओं को भी इतना खूबसूरत बना देते हैं कि वह हमेशा के लिए लोगों के दिलों में बस जाएं। एक सामान्य व्यक्ति शायद इस घटना को नजरअंदाज कर देता, लेकिन आनंद बख्शी जैसे गीतकार ने उसी पल को अमर गीत में बदल दिया। मैं पंचम दा और आनंद बख्शी दोनों को सलाम करता हूं। उनकी रचनाएं आज भी लोगों को उतनी ही पसंद आती हैं जितनी पहले आती थीं।''


यह ध्यान देने योग्य है कि 'चिंगारी कोई भड़के' 1972 में रिलीज हुई फिल्म 'अमर प्रेम' का एक प्रसिद्ध गाना है। इस फिल्म में सुपरस्टार राजेश खन्ना और अभिनेत्री शर्मिला टैगोर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म और इसके गाने दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रहे हैं। खासकर 'चिंगारी कोई भड़के' आज भी पुराने लोगों की पसंदीदा लिस्ट में शामिल है। इस गाने को महान गायक किशोर कुमार ने गाया था।


OTT