कॉमेडी के बादशाह सतीश शाह: तीनों खान के साथ उनकी अदाकारी का जादू
सतीश शाह: एक अद्वितीय कॉमिक प्रतिभा
मुंबई, 24 जून। बॉलीवुड और टेलीविजन की दुनिया में कुछ ऐसे कलाकार होते हैं जो भले ही मुख्य भूमिकाओं में कम नजर आते हैं, लेकिन जब भी वे स्क्रीन पर आते हैं, तो माहौल को पूरी तरह बदल देते हैं। ऐसे ही एक कलाकार हैं सतीश शाह, जिन्होंने अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और अदाकारी से दर्शकों को हंसाया।
उन्होंने हिंदी सिनेमा के तीनों बड़े सितारों, शाहरुख खान, आमिर खान और सलमान खान के साथ काम किया और हर बार अपने छोटे से रोल में भी दर्शकों का ध्यान खींचा। यही कारण है कि उन्हें 'शो-स्टॉपर' कलाकारों की सूची में प्रमुखता मिली।
सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को मुंबई में हुआ था। वह एक गुजराती परिवार से थे और उनका पूरा नाम सतीश रविलाल शाह था। बचपन से ही उन्हें अभिनय में रुचि थी। उन्होंने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) से अभिनय की शिक्षा ली।
उनका फिल्मी करियर 1970 के दशक में शुरू हुआ। शुरुआती दिनों में उन्हें छोटे-छोटे रोल मिले, लेकिन उन्होंने हर किरदार को पूरी मेहनत से निभाया। उन्हें पहली पहचान 'अरविंद देसाई की अजीब दास्तान' और 'गमन' जैसी फिल्मों से मिली। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपने अभिनय का दायरा बढ़ाया। 1983 में आई फिल्म 'जाने भी दो यारो' उनके करियर का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने कमिश्नर डी'मेलो का किरदार निभाया था। इस फिल्म में उनका किरदार कहानी में मर जाता है, लेकिन उनकी 'लाश' कई कॉमिक सीन का हिस्सा बन जाती है। बिना ज्यादा डायलॉग के भी उन्होंने दर्शकों को हंसाने में सफलता पाई।
टीवी की दुनिया में सतीश शाह ने और भी बड़ा कमाल किया। 1984 के शो 'ये जो है जिंदगी' में उन्होंने हर एपिसोड में अलग-अलग किरदार निभाए। एक ही सीजन में उन्होंने दर्जनों रोल निभाकर खुद को बहुमुखी अभिनेता साबित किया। इसके बाद 'फिल्मी चक्कर', 'घर जमाई', 'देख भाई देख' और 'ये जो है जिंदगी' जैसे कई अन्य टीवी शोज में अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीता। लेकिन, 2004 में आया शो 'साराभाई वर्सेस साराभाई' उनके करियर का सबसे यादगार हिस्सा बन गया। इस शो में उनका किरदार इंद्रवदन साराभाई आज भी भारतीय टीवी के सबसे लोकप्रिय कॉमिक किरदारों में से एक माना जाता है।
फिल्मों में भी उनका सफर काफी सफल रहा। उन्होंने लगभग 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और इंडस्ट्री के तीनों खानों के साथ काम किया। उन्होंने शाहरुख खान के साथ 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे', 'कल हो ना हो', 'मैं हूं ना', 'भूतनाथ', 'चलते चलते' और 'ओम शांति ओम' जैसी फिल्मों में काम किया। सतीश शाह ने सलमान खान के साथ 'हम आपके हैं कौन' और 'मुझसे शादी करोगी' में नजर आए। वहीं, आमिर खान के साथ 'अकेले हम अकेले तुम' और 'फना' में भी उन्होंने अपने अभिनय की छाप छोड़ी।
उन्होंने 'कहो ना प्यार है', 'राजा बाबू', 'बड़े मियां छोटे मियां', 'मोहब्बतें', 'तुमसे अच्छा कौन है' और 'रमैया वस्तावैया' जैसी कई शानदार फिल्मों में काम किया। उन्होंने कई टेलीविजन अवॉर्ड्स भी जीते, खासकर कॉमेडी और टीवी अभिनय के लिए।
25 अक्टूबर 2025 को 74 वर्ष की उम्र में सतीश शाह का निधन हो गया। उनके जाने से भारतीय मनोरंजन जगत को बड़ा नुकसान हुआ।
.png)