Movie prime

कुणाल खेमू ने 33 पुल-अप्स कर दिखाया अपना बेस्ट, फिटनेस पर दिया जोर!

कुणाल खेमू ने हाल ही में 33 पुल-अप्स का रिकॉर्ड बनाकर अपनी फिटनेस यात्रा को साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने 5 से 8 रेप्स से शुरुआत की और निरंतर प्रयास के महत्व पर जोर दिया। उनकी हालिया फिल्म 'वाइब' भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। जानें उनके फिटनेस चैलेंज और फिल्म के बारे में और अधिक जानकारी।
 

कुणाल खेमू की फिटनेस यात्रा


मुंबई, 07 अक्टूबर (वेब वार्ता)। अभिनेता और फिल्म निर्माता कुणाल खेमू अपने काम के साथ-साथ अपनी फिटनेस पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हाल ही में, उन्होंने अपनी फिटनेस की झलकियां साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 33 पुल-अप्स का रिकॉर्ड बनाया है।


कुणाल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनके ट्रेनर ने उन्हें 25 पुल-अप्स करने का चैलेंज दिया था।


उन्होंने इस पोस्ट में बताया कि उन्होंने शुरुआत में केवल 5 से 8 रेप्स से शुरुआत की थी। इसके साथ ही, उन्होंने निरंतर प्रयास और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। कुणाल ने लिखा, “मुझे 25 पुल-अप्स करने के लिए कहा गया था, लेकिन मैंने 33 पुल-अप्स कर दिखाए।”


उन्होंने आगे कहा, “बाद में मुझे एहसास हुआ कि मेरे ट्रेनर ने आखिरी गिनती भूल गए थे और पिछला वीडियो 31.5 पुल-अप्स पर ही कट गया था। इसलिए यह रहा पूरा वीडियो, जिसमें मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। आज मैंने 33 पुल-अप्स किए हैं, लेकिन मेरी शुरुआत भी महज 5 से 8 रेप्स से हुई थी। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि निरंतर प्रयास करते रहिए और हर बार अपनी क्षमता को थोड़ा बढ़ाते रहिए- जैसे हम वेट ट्रेनिंग में धीरे-धीरे वजन बढ़ाते हैं। हमें हर दिन खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, खासकर लंबे समय के लिए। जिंदगी कोई 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक मैराथन है।”


कुणाल खेमू की हालिया फिल्म ‘वाइब’ दर्शकों के बीच काफी पसंद की गई है। इस फिल्म में प्रीति जिंटा ने स्पाई एजेंसी प्रमुख (मैडम एच) के रूप में वापसी की है, जबकि स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर ने भी अपने अभिनय से प्रभावित किया है। फिल्म में कुणाल खेमू, प्रीति जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और डेब्यूटेंट वंशिका धीर मुख्य भूमिकाओं में हैं। कुणाल के निर्देशन में बनी यह फिल्म दो करीबी दोस्तों- हार्दिक (कुणाल खेमू) और बग्स (स्पर्श श्रीवास्तव) के इर्द-गिर्द घूमती है। हार्दिक हाल ही में रिहैब सेंटर से बाहर आया है और ड्रग्स के दलदल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है। उसका दोस्त बग्स एक बड़ी कंपनी में काम करता है और उसकी मदद करता है।


कहानी में मोड़ तब आता है जब ये दोनों आम इंसान एक खुफिया आतंकवादी साजिश और इंटेलिजेंस एजेंसी ‘वाइब’ के मिशन में फंस जाते हैं, जहां देश को बचाने की जिम्मेदारी अनजाने में इन दोनों पर आ जाती है।


OTT