करिश्मा कपूर ने साझा किया सलमान खान के साथ 'ओ ओ जाने जाना' की शूटिंग का दिलचस्प किस्सा!
करिश्मा कपूर का सलमान खान के साथ अनुभव
मुंबई, 15 जुलाई। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने अपने करियर में कई बड़े सितारों के साथ काम किया है, लेकिन सलमान खान के साथ बिताए शूटिंग के अनुभव उनके लिए खास हैं। हाल ही में, उन्होंने डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' के प्रसिद्ध गाने 'ओ ओ जाने जाना' की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया।
करिश्मा ने बताया कि उस समय सलमान खान कई शिफ्ट में काम कर रहे थे और बेहद थके हुए थे। फिर भी, उन्होंने इस गाने की शूटिंग में पूरा जोश दिखाया, जो बाद में एक हिट गाना बन गया।
वर्तमान में, करिश्मा कपूर 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में जज की भूमिका निभा रही हैं। हाल के एपिसोड में, कंटेस्टेंट प्रथमेश ने सलमान खान के इस सुपरहिट गाने पर शानदार डांस किया। उनकी परफॉर्मेंस से प्रभावित होकर करिश्मा ने खड़े होकर तालियां बजाईं और सलमान खान से जुड़ी पुरानी यादों को साझा किया।
करिश्मा ने कहा, ''मैं इस समय बहुत इमोशनल हूं, क्योंकि यह सलमान का गाना है। मुझे याद है कि जब यह गाना रिलीज हुआ था, तब हम सभी लगातार कई शिफ्ट में काम कर रहे थे। सलमान बेहद थके हुए थे, लेकिन उन्होंने जिस ऊर्जा के साथ इस गाने को किया, वह अद्भुत था। उनका स्वैग और स्क्रीन प्रेजेंस बेमिसाल था।''
उन्होंने आगे कहा, ''उस समय कलाकारों का काम करने का तरीका आज से बहुत अलग था। कई बार एक ही दिन में अलग-अलग फिल्मों की शूटिंग करनी पड़ती थी। सलमान ने कभी अपनी थकान को अपने काम पर हावी नहीं होने दिया। उन्होंने हर शॉट को पूरी ऊर्जा के साथ किया, जिसका असर आज भी उस गाने में साफ दिखाई देता है।''
गौरतलब है कि फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' 1998 में रिलीज हुई थी और यह बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। इस फिल्म में सलमान खान और काजोल की जोड़ी को दर्शकों ने बहुत पसंद किया। इसके अलावा, अरबाज खान, धर्मेंद्र, किरण कुमार और कुनिका सदानंद भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में थे। फिल्म की कहानी और इसके गाने दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए।
.png)