Movie prime

करिश्मा कपूर ने साझा किया संगीत का जादू, 'इंडियाज बेस्ट डांसर 5' में जज बनकर मिली नई प्रेरणा

करिश्मा कपूर ने हाल ही में 'इंडियाज बेस्ट डांसर 5' में जज के रूप में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि संगीत उनके लिए यादों और भावनाओं का एक जादुई हिस्सा है। करिश्मा ने यह भी कहा कि आज के युवा गानों को अपनी भावनाओं के माध्यम से एक नई कहानी में बदलते हैं, जो उन्हें प्रेरित करता है। जानें उनके करियर के महत्वपूर्ण गानों और संगीत की ताकत के बारे में।
 
करिश्मा कपूर ने साझा किया संगीत का जादू, 'इंडियाज बेस्ट डांसर 5' में जज बनकर मिली नई प्रेरणा

संगीत की अनमोल पहचान




मुंबई, 21 जून। फिल्म इंडस्ट्री में संगीत हमेशा से एक महत्वपूर्ण तत्व रहा है। चाहे कहानी कितनी भी मजबूत हो, अच्छे गाने और संगीत के बिना वह दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक नहीं टिकता। इस विषय पर अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि उनके करियर की सबसे खूबसूरत पहचान वही गाने हैं, जिन्हें लोग आज भी याद करते हैं।


करिश्मा कपूर वर्तमान में डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' में जज के रूप में दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा, ''इस शो में मुझे विभिन्न प्रकार के टैलेंट देखने को मिलते हैं, जो संगीत को अपने तरीके से प्रस्तुत करते हैं। यह देखकर खुशी होती है कि युवा सिर्फ गाने सुनते ही नहीं, बल्कि उन्हें अपनी भावनाओं और डांस के माध्यम से एक नई कहानी में बदल देते हैं। यह बदलाव मुझे प्रेरित करता है।''


उन्होंने आगे कहा, ''मेरे लिए संगीत हमेशा यादों, भावनाओं और एक खास जादू से जुड़ा रहा है। जब भी मैं 'इंडियाज बेस्ट डांसर 5' के सेट पर जाती हूं, तो यहां की परफॉर्मेंस देखकर मुझे अपने पुराने दिनों की याद आ जाती है। संगीत एक ऐसी चीज है जो हर व्यक्ति को किसी न किसी पल, भावना या समय से जोड़ देती है। एक अच्छा गाना केवल सुना नहीं जाता, बल्कि उसे महसूस किया जाता है और वह सीधे दिल तक पहुंचता है।''


करिश्मा ने कहा, ''मेरी फिल्मों में कई ऐसे गाने हैं जो आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। इन गानों ने न केवल मुझे पहचान दी, बल्कि दर्शकों के दिलों में एक खास स्थान भी बनाया। एक कलाकार के लिए यह सबसे बड़ी उपलब्धि होती है कि उसके काम को लोग सालों बाद भी याद रखें और उससे जुड़ाव महसूस करें। संगीत की ताकत यही है कि वह किसी भी इंसान को तुरंत पुराने समय में ले जा सकता है और बीती हुई यादों को फिर से जीवंत कर देता है।''


अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, '''इंडियाज बेस्ट डांसर 5' में प्रतिभागी जिस तरह से पुराने और नए गानों को मिलाकर परफॉर्म करते हैं, वह बेहद खास है। यह देखकर एहसास होता है कि संगीत की कोई सीमा नहीं होती और हर पीढ़ी इसे अपने तरीके से जीती है।''


करिश्मा कपूर ने 'दिल तो पागल है' फिल्म के शूटिंग के दिनों को याद करते हुए बताया कि इस फिल्म के लिए उन्हें बहुत अधिक रिहर्सल करनी पड़ी थी। इस दौरान उन्होंने डांस और परफॉर्मेंस की बारीकियों को और बेहतर तरीके से समझा।


OTT