ओम पुरी और नसीरुद्दीन शाह की दोस्ती: एक प्रेरणादायक कहानी जो दिल छू लेगी!
दोस्ती की मिसाल: ओम पुरी और नसीरुद्दीन शाह
मुंबई, 5 जुलाई। भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो केवल पर्दे पर नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी एक मिसाल बन जाते हैं। दिवंगत अभिनेता ओम पुरी और दिग्गज नसीरुद्दीन शाह का नाम ऐसे ही रिश्तों में शामिल है। दोनों ने मिलकर भारतीय समानांतर सिनेमा को एक नई दिशा दी। हाल ही में, उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ओम पुरी अपने शुरुआती दिनों की कहानी साझा कर रहे हैं।
इस वीडियो में ओम पुरी, अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह एक साथ नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान, ओम पुरी अपने जीवन के संघर्षों को याद करते हुए बताते हैं कि उनके जीवन में कई लोगों ने मदद की, लेकिन असल में उनके दोस्तों ने उन्हें सही दिशा दी। उन्होंने नसीरुद्दीन शाह की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनका योगदान उनके जीवन में कितना महत्वपूर्ण रहा है।
ओम पुरी ने कहा, ''जब मैं फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) पुणे में इंटरव्यू देने गया था, तब मेरे पास अच्छे कपड़े नहीं थे। ऐसे समय में नसीरुद्दीन शाह ने मेरी मदद की और मुझे अपनी एक शर्ट दी।''
उन्होंने आगे कहा, ''मैं नसीरुद्दीन शाह के इस एहसान को कभी नहीं भूल सकता। अगर उन्होंने मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित नहीं किया होता, तो शायद मैं आज यहां नहीं होता। उन्होंने मुझसे कहा था कि तुम्हें किसी भी हाल में फिल्म इंस्टीट्यूट जाना है, चाहे पैसे हों या न हों।''
ओम पुरी ने बताया कि उस समय की दोस्ती आजकल के समय में बहुत कम देखने को मिलती है, जहां कोई अपने दोस्त के करियर के लिए इतना आगे बढ़कर सोचता है।
.png)