आशा भोसले के अंतिम संस्कार पर पोती जनाई का भावुक संदेश: 'मेरी दुनिया चली गई'
आशा भोसले का अंतिम विदाई
मुंबई, 14 अप्रैल। भारतीय संगीत की दिग्गज गायिका आशा भोसले का सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी पोती, जनाई भोसले, ने इंस्टाग्राम पर अपनी दादी के साथ बिताए यादगार लम्हों का एक भावुक वीडियो साझा किया। इस पोस्ट में जनाई ने बताया कि उनकी दादी उनके लिए केवल एक पारिवारिक सदस्य नहीं थीं, बल्कि उनकी पूरी दुनिया थीं।
जनाई ने अपने पोस्ट में लिखा, 'आज सुबह जब मैं उठी, तो मुझे एहसास हुआ कि मैंने अपने सबसे अच्छे दोस्त और शरारतों के साथी को खो दिया है, जिसने मेरी दुनिया को पूरा किया। वह वह इंसान थीं, जिन्होंने मुझे जन्म के समय अपनी गोद में लिया।'
उन्होंने आगे कहा, 'अब मैं क्या करूं? सुबह उठकर किसे गले लगाऊं और किसके साथ चाय पीऊं? जब मैं घर लौटूंगी तो मेरा इंतजार कौन करेगा? मेरी पूरी दुनिया चली गई।'
जनाई ने दादी को याद करते हुए कहा, 'ये कुछ बातें हैं जो मुझे उनकी याद दिलाती हैं, लेकिन जो लोग इस दुख को मेरे साथ महसूस कर रहे हैं, उनसे मैं यही कहना चाहती हूं कि अगर कोई उन्हें याद करे, तो उसी खुशी और जिंदादिली के साथ करे, जिससे वह हमेशा जानी जाती थीं। उन्होंने हर किसी के जीवन में हंसी और खुशी भरने का काम किया।'
उन्होंने लिखा, 'मुझे लगता है कि वह हम सबको ऊपर से देख रही हैं, खासकर अपने परिवार पर नजर रख रही हैं। मुझे यकीन है कि वह बहुत जल्द मेरे पास वापस आएंगी, क्योंकि उन्होंने मुझसे यही वादा किया था। मैंने अपने जीवन का सबसे बड़ा प्यार खो दिया है, और इससे बड़ा दुख दुनिया में कोई नहीं होता। इसलिए मैं आप सभी से कहना चाहती हूं कि जिंदगी को पूरी तरह जीएं और उन्हें इसी तरह याद करें।'
पोस्ट के अंत में जनाई ने लिखा, 'आई लव यू आशाई… और फिलहाल अलविदा मेरे प्यार… मुझे पता है कि आप हमेशा मेरे साथ रहेंगी, चाहे कुछ भी हो। बस मैं इंतजार कर रही हूं कि आप वापस आएं और मुझे एक बार फिर गले लगाएं।'
.png)