अमिताभ बच्चन की समय की पाबंदी से मिली सीख: कल्पना अय्यर का अनुभव
अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का अनुभव
मुंबई, 5 फरवरी। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन अपनी अदाकारी के साथ-साथ समय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए भी मशहूर हैं। कई कलाकार जिन्होंने उनके साथ काम किया है, वे उनके प्रोफेशनलिज्म की प्रशंसा करते हैं। इसी संदर्भ में, 'रम्बा हो' गर्ल और अनुभवी अभिनेत्री कल्पना अय्यर ने एक इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन के साथ अपने अनुभव साझा किए।
कल्पना ने बताया, ''मैंने अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म 'सत्ते पर सत्ता' में काम किया। इस फिल्म के दौरान मैंने उनसे एक महत्वपूर्ण जीवन पाठ सीखा, जो है समय की कद्र करना। चाहे वह कितने भी बड़े सुपरस्टार हों, लेकिन सेट पर पहुंचने में वह कभी भी लेट नहीं होते।''
उन्होंने अपनी मां की सीख का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया था कि जो व्यक्ति हर जगह समय पर पहुंचता है, वही सच्चे संस्कारों वाला होता है। अमिताभ बच्चन को देखकर उन्हें इस सीख की असली महत्ता का एहसास हुआ।
कल्पना ने याद किया कि उस समय अमिताभ जुहू में रहते थे, जबकि वह अंधेरी में थीं। शूटिंग लोकेशन मुंबई के बल्लार्ड पियर पर थी, जहां सुबह लगभग छह बजे पहुंचना होता था। यह दूरी और समय दोनों ही चुनौतीपूर्ण थे, लेकिन अमिताभ बच्चन हमेशा समय पर सेट पर पहुंचते थे।
उन्होंने कहा, ''हमारे पास उस समय सफेद एंबेसडर कार थी। मैं समय पर पहुंचने की कोशिश करती थी, लेकिन अक्सर अमिताभ बच्चन से बाद में पहुंचती थी। जब मैं सेट पर पहुंचती, तो देखती कि वह पहले से ही वहां मौजूद होते थे।''
कल्पना ने कहा, ''इतने बड़े स्टार होने के बावजूद अमिताभ बच्चन का समय से पहले सेट पर पहुंचना मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत था। प्रोफेशनलिज्म केवल काम करने तक सीमित नहीं होता, बल्कि समय की कद्र करना भी इसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।''
.png)