अनिल कपूर ने शादी को बताया अपनी जिंदगी का बेहतरीन फैसला, जानें क्या कहा!
अनिल कपूर का शादी पर अनमोल अनुभव
मुंबई, 02 अक्टूबर (वेब वार्ता)। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अनिल कपूर ने हाल ही में कहा कि उनके लिए शादी करना सबसे अच्छा निर्णय रहा है। स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ के आने वाले एपिसोड में प्यार, रिश्तों और विवाह पर दिलचस्प चर्चा की जाएगी। इस बातचीत में पुणे के सुमीत मेलवानी ने बताया कि वह पिछले 35 वर्षों से एक मजबूत रिश्ते में हैं, लेकिन उन्होंने शादी नहीं की। वहीं, बड़ौदा के रोचक सक्सेना ने कहा कि वह सिंगल रहकर खुश हैं और केवल परिवार की इच्छाओं को पूरा करने के लिए शादी नहीं करना चाहते।
अनिल कपूर ने अपनी पत्नी सुनीता के साथ अपने विवाह के अनुभव साझा करते हुए कहा, “मैं यह नहीं कह सकता कि मैंने कोई गलती की है या यह मेरा सबसे अच्छा निर्णय था। लेकिन मुझे लगता है कि शादी करना मेरी जिंदगी का सबसे बेहतरीन फैसला था।”
इस दौरान, गुजरात के शुभम बालांडे ने अपनी इच्छा व्यक्त की कि यदि वह एक करोड़ रुपये जीतते हैं, तो वह अपनी पत्नी से फिर से धूमधाम से शादी करना चाहेंगे और उन्हें दूसरे हनीमून पर ले जाएंगे। उनकी बात सुनकर अनिल कपूर ने अपनी शादी के शुरुआती दिनों को याद किया और बताया कि शादी के बाद सुनीता अकेले ही हनीमून पर गई थीं, क्योंकि वह शूटिंग में व्यस्त थे। शुभम की बात पर अनिल ने कहा, “आपने मुझे आइडिया दिया कि हनीमून दोबारा प्लान किया जा सकता है।”
.png)