Movie prime

अदिति राव हैदरी: शाही परिवार की वारिस से बनीं भरतनाट्यम की नृत्यांगना और अभिनेत्री

अदिति राव हैदरी, जो दो शाही परिवारों की वंशज हैं, ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत भरतनाट्यम नृत्यांगना के रूप में की। उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों में काम किया है। अदिति का सफर राजघराने से लेकर सिनेमा तक का है, जिसमें उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा से एक खास पहचान बनाई है। जानें उनके जीवन के अनकहे पहलुओं के बारे में।
 

अदिति राव हैदरी का अनोखा सफर


मुंबई, 27 अक्टूबर। भारत में राजघरानों का इतिहास हमेशा से आकर्षण और गर्व का प्रतीक रहा है। शाही परिवारों में जन्मे लोग अक्सर सुख-सुविधाओं और परंपराओं से जुड़े होते हैं, लेकिन कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने अपनी पहचान खुद बनाई है। अदिति राव हैदरी उन अदाकाराओं में से एक हैं, जिनका संबंध शाही परिवार से है।


28 अक्टूबर 1986 को हैदराबाद में जन्मी अदिति राव हैदरी त्याबजी-हैदरी परिवार से संबंधित हैं। वह दो शाही परिवारों की वंशज हैं। उनके पिता एहसान हैदरी (बोहरा मुस्लिम) और मां विद्या राव हैं। जब अदिति केवल 2 साल की थीं, तब उनके माता-पिता का तलाक हो गया और उनकी मां उन्हें दिल्ली ले आईं।


पिता की ओर से, अदिति असम के पूर्व गवर्नर और हैदराबाद राज्य के पूर्व प्रधानमंत्री सर मुहम्मद सालेह अकबर हैदरी की परपोती हैं, जबकि मां की ओर से वह तेलंगाना के वनापार्थी संस्थान के राजा जे. रामेश्वर राव की नातिन हैं। हालांकि, इस राजसी पृष्ठभूमि के बावजूद, अदिति ने अभिनय को अपना करियर चुना और भारतीय सिनेमा में अपनी पहचान बनाई।


अदिति राव हैदरी न केवल एक प्रतिभाशाली अभिनेत्री हैं, बल्कि एक प्रशिक्षित भरतनाट्यम नृत्यांगना भी हैं। उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों में काम किया है।


अभिनेत्री का भरतनाट्यम की ओर झुकाव उनके पारिवारिक माहौल और कलात्मक परिवेश के कारण हुआ। उनकी मां विद्या राव एक प्रसिद्ध ठुमरी और दादरा गायिका हैं। अदिति ने कम उम्र से ही भरतनाट्यम सीखना शुरू किया और इसे जानी-मानी नृत्यांगना लीला सैमसन से सीखा। बाद में, वह उनके प्रतिष्ठित डांस ग्रुप 'स्पंदा' का हिस्सा बनीं और कई स्टेज प्रस्तुतियों में भाग लिया।


अदिति का सफर राजघराने से भरतनाट्यम नृत्यांगना तक तो पहुंच गया, लेकिन इसके बाद उनकी जिंदगी में एक मोड़ आया। एक कॉन्फ्रेंस में भरतनाट्यम की प्रस्तुति देने के बाद, फिल्म निर्माताओं ने उन्हें तमिल फिल्म 'शृंगारम' (2007) में मुख्य भूमिका का प्रस्ताव दिया।


हालांकि 'शृंगारम' की शूटिंग पहले हुई थी, लेकिन मलयालम फिल्म 'प्रजापति' पहले रिलीज हुई, जिसमें उन्होंने ममूटी के साथ काम किया। इसके बाद, 2009 में राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म ‘दिल्ली-6’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा।


शाही खानदान से होने के बावजूद, अदिति ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई है। संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' में उनके डांस को आज भी याद किया जाता है, और उनकी तुलना मधुबाला और माधुरी दीक्षित जैसी अभिनेत्रियों से की गई है।


OTT