अक्षरा सिंह ने 'घिस-घिस-घिस' गाने पर फैंस का जताया आभार, जानें क्या कहा!
अक्षरा सिंह का दिल छू लेने वाला संदेश
मुंबई, 27 मई। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह हाल ही में अपने नए गाने 'घिस-घिस-घिस' के चलते सुर्खियों में हैं। इस गाने को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे अभिनेत्री बेहद खुश हैं। उन्होंने बुधवार को अपने प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अक्षरा ने इंस्टाग्राम पर गाने से जुड़ी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह अक्षय कुमार के साथ नजर आ रही हैं। उन्होंने लिखा, "एक कलाकार के लिए इससे सुंदर अनुभव शायद ही कोई हो... 'घिस-घिस-घिस' को अपनाने और इतना प्यार देने के लिए दिल से धन्यवाद। यह प्यार हमेशा मेरे दिल में रहेगा। मुझे केवल व्यूज नहीं मिले, बल्कि अपनों का प्यार भी मिला।"
उन्होंने आगे कहा, "हर एक स्टोरी, कमेंट और शुभकामना मेरे दिल तक पहुंची। इतने अपने लोग मेरे साथ हैं और इतना प्यार दे रहे हैं, यह देखकर मैं सच में बहुत खुश और आभारी महसूस कर रही हूं। इसे एक बड़ा हिट बनाइए।"
अक्षरा की इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है। भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने भी उनकी पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने लिखा, "बहुत बढ़िया।" अभिनेता पारितोष त्रिपाठी और भोजपुरी सितारे प्रवेश लाल यादव और सुजीत यादव ने भी इमोजी के जरिए अपनी खुशी व्यक्त की।
गाने 'घिस-घिस-घिस' को रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। यह गाना आगामी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का हिस्सा है।
इस बहुप्रतीक्षित एक्शन-एडवेंचर कॉमेडी फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है, जिसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, संजय दत्त, अरशद वारसी और दिशा पाटनी जैसे सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा, इसमें परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडीज, जॉनी लीवर और राजपाल यादव जैसे अनुभवी कलाकार भी नजर आएंगे।
.png)