अक्षरा सिंह का नया गाना 'चुम्मा लेला राजा जी' सोशल मीडिया पर मचा रहा है धमाल!
अक्षरा सिंह का नया गाना और डांस वीडियो
मुंबई, 8 अप्रैल। भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अदाकारा और गायिका अक्षरा सिंह ने हाल ही में अपने नए गाने 'चुम्मा लेला राजा जी' के साथ सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। जैसे ही गाना रिलीज हुआ, यह तेजी से वायरल हो गया और फैंस के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। इस बीच, अक्षरा ने इंस्टाग्राम पर एक डांस वीडियो साझा किया, जिसमें वह गाने की धुन पर बेहतरीन डांस मूव्स दिखा रही हैं।
अक्षरा के इंस्टाग्राम पोस्ट में वह जिम के लुक में नजर आ रही हैं। उनके बालों की चोटी बनी हुई है और हर डांस मूव में उनकी ऊर्जा स्पष्ट दिखाई दे रही है। वीडियो में वह 'चुम्मा लेला राजा जी' के हर एक लाइन पर शानदार डांस करती दिख रही हैं।
उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ''इस बीट पर कंट्रोल करना मुश्किल है.. जिम में ही रील बना लिया... आप भी ट्राई करके देख लो।''
गाने 'चुम्मा लेला राजा जी' की बात करें तो यह एक रोमांटिक और ऊर्जा से भरा गाना है। इसमें अक्षरा सिंह और सनम जौहर की बेहतरीन केमिस्ट्री देखने को मिलती है। गाने के बोल यादव राज ने लिखे हैं, जबकि संगीत विनय विनायक ने तैयार किया है। गाने का निर्देशन मोहित सरीन ने किया है।
अक्षरा सिंह का भोजपुरी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में एक लंबा और सफल करियर रहा है। उनका जन्म बिहार में हुआ था और उन्होंने 2010 में फिल्म 'सत्येमव जयते' से अपने करियर की शुरुआत की, जिसमें उन्होंने रवि किशन के साथ काम किया। इसके बाद 2011 में 'प्राण जाए पर वचन न जाए' में अभिनय किया। 2016 में रोमांटिक ड्रामा 'ए बलमा बिहार वाला' में खेसारी लाल यादव के साथ नजर आईं और 2017 में एक्शन ड्रामा 'सत्या, तबादला' और 'मां तुझे सलमा' में पवन सिंह के साथ काम किया।
अक्षरा ने टीवी में भी अपनी पहचान बनाई है। 2015 में उन्होंने हिंदी टेलीविजन में 'काला टीका' और 'सर्विस वाली बहू' से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक धारावाहिकों में जैसे 'सूर्यपुत्र कर्ण' में गांधारी और 'पोरस' में महारानी कादिका की भूमिका निभाई। उनकी फिल्मी यात्रा में 'सौगंध गंगा मईया की', 'दिलेर', 'साथिया', 'धड़कन', 'सरकार राज', 'लव मैरिज' और 2025 में 'रूद्र-शक्ति' जैसी कई फिल्में शामिल हैं। अक्षरा सिंह 'बिग बॉस ओटीटी' की भी कंटेस्टेंट रह चुकी हैं।
.png)