×

क्या है 'मां का सम' की कहानी? मोना सिंह की नई वेब सीरीज में प्यार और गणित का अनोखा संगम!

अभिनेत्री मोना सिंह की नई वेब सीरीज 'मां का सम' 3 अप्रैल को रिलीज होने जा रही है। यह एक भावनात्मक ड्रामा है, जो एक स्मार्ट किशोर की कहानी है, जो अपनी मां के लिए सही जीवनसाथी खोजने की कोशिश करता है। गणित और भावनाओं के बीच टकराव के साथ, यह सीरीज मां-बेटे के रिश्ते को एक नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है। जानें इस अनोखी कहानी के बारे में और कैसे यह दर्शकों को छूने का वादा करती है।
 

मोना सिंह की नई वेब सीरीज 'मां का सम'


मुंबई, 25 मार्च। अभिनेत्री मोना सिंह जल्द ही एक नई वेब सीरीज 'मां का सम' में दिखाई देंगी। यह एक भावनात्मक ड्रामा है, जो प्यार, परिवार और गणित के अनोखे मिश्रण को दर्शाएगी।


इस सीरीज का निर्देशन निकोलस खरकोंगोर ने किया है और यह 3 अप्रैल को भारत सहित 240 देशों में रिलीज होगी। दर्शक इसे हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सबटाइटल्स में देख सकेंगे। इस सीरीज में मोना सिंह के साथ अंगिरा धर, मिहिर आहूजा और रणवीर बराड़ जैसे कलाकार भी शामिल हैं।


कहानी एक स्मार्ट किशोर अगस्त्य के इर्द-गिर्द घूमती है, जो जीनियस है और दुनिया को संख्याओं, ग्राफ और एल्गोरिदम के दृष्टिकोण से देखता है। उसकी मां के लिए सही जीवनसाथी खोजने की कोशिश में, वह 'प्रोजेक्ट मॉम' शुरू करता है। गणित की मदद से वह अपनी मां के लिए आदर्श साथी चुनने की योजना बनाता है, लेकिन जैसे-जैसे यह योजना आगे बढ़ती है, तर्क और भावनाओं के बीच टकराव उत्पन्न होता है।


इस यात्रा में अनपेक्षित मुलाकातें, जीवन की अनिश्चितताएं और वास्तविक भावनाएं शामिल हैं। यह सीरीज मां-बेटे के रिश्ते को एक नए और गहरे तरीके से प्रस्तुत करती है, जिसमें हास्य और गणित का हल्का-फुल्का तड़का है।


बबिता अशिवाल ने इसे यूनोइया फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। निर्माता ने कहा कि इस सीरीज की सबसे आकर्षक बात यह है कि यह एक ऐसे लड़के की कहानी है जो अपनी किशोरावस्था के अंतिम दिनों में है और गणित और डेटा के माध्यम से प्यार और जिम्मेदारियों को समझने की कोशिश कर रहा है।


उन्होंने आगे कहा, "यह एक ऐसी कहानी है जिससे हर कोई जुड़ाव महसूस करेगा। इसमें हास्य और जीवन की छोटी-छोटी सीखें हैं। प्राइम वीडियो हमेशा एक बेहतरीन सहयोगी रहा है। 'मां का सम' एक पारिवारिक सीरीज है जिसे पूरा परिवार एक साथ देख सकता है।"


प्राइम वीडियो इंडिया के निर्देशक निखिल मधोक ने कहा, "रिश्तों पर आधारित कहानियां हमेशा लोगों को छूती हैं। 'मां का सम' मां-बेटे के रिश्ते को अनोखे अंदाज में पेश करती है। मोना और मिहिर ने अपने किरदारों में बेहतरीन काम किया है। हम 3 अप्रैल को यह खास कहानी पेश करने के लिए तैयार हैं।"