☰
×

श्रद्धा आर्या और गौरव खन्ना की पुरानी दोस्ती का नया अध्याय: 'दिल की बेवफाइयां' में साथ आएंगे!

श्रद्धा आर्या और गौरव खन्ना की पुरानी दोस्ती अब एक नए शो 'दिल की बेवफाइयां' में देखने को मिलेगी। इस शो में शादी के बाद के रिश्तों और अधूरी इच्छाओं की कहानी को दर्शाया जाएगा। श्रद्धा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी दोस्ती का इतिहास 13-14 साल पुराना है। जानें इस शो में क्या खास है और कैसे यह दर्शकों को एक नए दृष्टिकोण से प्यार की कहानी पेश करेगा।
 

श्रद्धा आर्या और गौरव खन्ना का नया शो




मुंबई, 19 नवंबर। अभिनेत्री श्रद्धा आर्या अब एकता कपूर के नए शो 'दिल की बेवफाइयां' में गौरव खन्ना के साथ नजर आएंगी। इस शो में उनके साथ काम करने का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी दोस्ती का इतिहास काफी पुराना है।


श्रद्धा ने कहा कि लगभग 13-14 साल पहले उन्होंने और गौरव ने एक साथ एक इवेंट में भाग लिया था।


उन्होंने आगे कहा, "हमारी दोस्ती नई नहीं है। उस समय की तस्वीरें फिर से सामने आई हैं, और हमने एकता कपूर की दीपावली पार्टी में उन तस्वीरों को फिर से रिक्रिएट किया। एकता ने भी वो तस्वीरें साझा की, जो फैंस को बहुत पसंद आईं।"


अभिनेत्री ने गौरव के साथ एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा, "कई लोग पूछते हैं कि क्या हमने पहले साथ काम किया है। हम पहले भी एक लुक टेस्ट के लिए मिले थे, लेकिन वह प्रोजेक्ट नहीं बन पाया। अब 'दिल की बेवफाइयां' ने हमें साथ काम करने का सही मौका दिया है।"


यह शो शादी के बाद के रिश्तों, अनकही बातों और अधूरी इच्छाओं के इर्द-गिर्द घूमता है। यह सवाल उठाता है कि एक शादी में एक साथी के लिए सब कुछ 'काफी' होता है, जबकि दूसरे के दिल में 'काश' क्यों रह जाता है।


श्रद्धा ने शो के बारे में बताते हुए कहा, "दर्शकों के लिए इस शो का अंदाज समझना महत्वपूर्ण है। कुछ लोग सोच सकते हैं कि हम मैच्योर लव स्टोरी क्यों कर रहे हैं, लेकिन हम प्यार को एक नए दृष्टिकोण से देख रहे हैं। इसमें कई दिलचस्प मोड़ हैं, जो इसे देखने लायक बनाते हैं।"


उन्होंने कहा, "मैं चाहूंगी कि दर्शक प्रोमो में हमारे किरदारों को दिखाने के तरीके पर ध्यान दें। हम रोजमर्रा के कपड़ों में नजर आ रहे हैं। मुझे नाइट सूट में दिखाया गया है, जबकि गौरव कुर्ता-पायजामा पहने हुए हैं। असल जिंदगी में लोग ऐसे कपड़े पहनते हैं।"


श्रद्धा ने एकता कपूर के दृष्टिकोण पर बात करते हुए कहा, "वो एक ऐसी कहानी चाहती थीं, जो असली जिंदगी जैसी लगे। असल जिंदगी में हम गुस्सा, प्यार, हंसी और हर तरह की भावनाएं महसूस करते हैं। हम वही सच्चाई स्क्रीन पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।"


उन्होंने कहा, "प्रोमो में फीमेल किरदार को बालों में रंग करते हुए दिखाया गया है, जबकि मेल किरदार के बाल सफेद हैं। ये छोटी-छोटी लेकिन महत्वपूर्ण बातें हैं।"