रूहानिका धवन की भावुक मुलाकात: दिव्यांका त्रिपाठी के जुड़वां बच्चों के साथ साझा की यादें
रूहानिका धवन और दिव्यांका त्रिपाठी की खास मुलाकात
मुंबई, 21 जुलाई। टेलीविजन की दुनिया में बाल कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाली रूहानिका धवन ने हाल ही में अपनी ऑनस्क्रीन मां दिव्यांका त्रिपाठी से मुलाकात की। इस खास पल की कुछ तस्वीरें उन्होंने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया पर साझा की।
इन तस्वीरों में रूहानिका के साथ दिव्यांका त्रिपाठी, उनके पति विवेक दहिया और उनके जुड़वां बच्चे भी नजर आ रहे हैं।
रूहानिका ने तस्वीरों के साथ एक भावुक संदेश लिखा, "कभी मैं उनकी छोटी बेटी का किरदार निभाती थी और आज इशिमा के बच्चों को गोद में उठा रही हूं... सच में, जिंदगी ने एक खूबसूरत चक्र पूरा कर लिया है। अब मैं कह सकती हूं कि वह तीन बच्चों की खुशकिस्मत मां बन गई हैं और इन जुड़वां बच्चों को इससे बेहतर माता-पिता नहीं मिल सकते।"
रूहानिका द्वारा साझा की गई ये तस्वीरें सभी को भा रही हैं। टेलीविजन शो 'ये है मोहब्बतें' के कई कलाकारों और अन्य सेलेब्स ने इन पर अपनी प्रतिक्रिया दी। दिव्यांका ने कमेंट में लिखा, "रूह, तुमने ही मुझे मां बनना सिखाया था। अब ये नन्हे बच्चे अपनी रूह दीदी से बहुत कुछ सीखेंगे।"
टीवी सीरियल 'ये है मोहब्बतें' में रूहानिका ने दिव्यांका की बेटी का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया। यह रिश्ता पर्दे के बाहर भी कायम है। शो खत्म होने के कई साल बाद भी दोनों एक-दूसरे के संपर्क में हैं।
रूहानिका, दिव्यांका को अपनी मेंटर मानती हैं और उन्हें 'इशिमा' कहकर बुलाती हैं।
इस शो में दिव्यांका त्रिपाठी दहिया, करण पटेल, रूहानिका धवन और अदिति भाटिया ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। कहानी का आधार मंजू कपूर के 2011 के उपन्यास 'कस्टडी' पर था, और बाद में यह कहानी आगे बढ़ी।