×

राम कपूर ने खोली गौतमी कपूर के साथ अपनी प्रेम कहानी, जानें क्या हुआ मुश्किल समय में!

राम कपूर ने हाल ही में रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में अपनी प्रेम कहानी का खुलासा किया। उन्होंने गौतमी कपूर के साथ अपने रिश्ते के शुरुआती दिनों और उनके कठिन समय का जिक्र किया। जानें कैसे दोस्ती ने प्यार का रूप लिया और दोनों ने एक-दूसरे का साथ दिया। इस दिलचस्प कहानी में भावनात्मक पहलुओं और रिश्ते की गहराई का पता चलता है।
 

राम कपूर की प्रेम कहानी का खुलासा


मुंबई, 15 जुलाई। छोटे पर्दे के मशहूर अभिनेता राम कपूर वर्तमान में रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में प्रतियोगी के रूप में भाग ले रहे हैं। इस शो में उन्होंने पहली बार अपनी प्रेम कहानी और गौतमी कपूर के जीवन के उस कठिन समय का जिक्र किया, जब वह अपनी पहली शादी से संतुष्ट नहीं थीं। उन्होंने बताया कि कैसे उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और किस प्रकार उन्होंने उस कठिन समय में गौतमी का साथ दिया।


शो में आकांक्षा चमोला और पामेला सेरेना के साथ बातचीत करते हुए राम कपूर ने कहा, ''मैं और गौतमी एक मजबूत जोड़ी हैं। आमतौर पर लोग अपने जीवनसाथी की अच्छी बातें ही बताते हैं, लेकिन मैंने इसके विपरीत किया। मैंने गौतमी को शुरुआत में ही अपनी सभी कमियों और बुरी आदतों के बारे में बता दिया था। मुझे लगा कि शायद वह मुझसे दूर हो जाएंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मेरी कमियों को जानने के बाद भी वह मुझे पसंद करने लगीं।''


राम ने साझा किया कि उनकी पहली मुलाकात साल 2000 में टीवी सीरियल 'घर एक मंदिर' के सेट पर हुई थी। साथ काम करते-करते उनकी दोस्ती गहरी हो गई। बातचीत बढ़ने लगी और दोनों ने एक-दूसरे की निजी जिंदगी के बारे में खुलकर चर्चा की।


उन्होंने कहा, ''धीरे-धीरे मुझे पता चला कि गौतमी अपनी पहली शादी में खुश नहीं थीं। उनकी शादी लगभग ढाई साल चली, लेकिन उस दौरान वे ज्यादातर समय अलग-अलग ही रहे। हमारी दोस्ती इतनी गहरी हो गई थी कि मैं उनसे उनकी जिंदगी के बारे में सवाल पूछता था और वह मुझ पर भरोसा करके हर बात बताती थीं।''


राम कपूर ने बताया कि इसी दौरान उन्हें पता चला कि गौतमी अपनी पहली शादी को समाप्त करना चाहती थीं, लेकिन उनके परिवार का समर्थन नहीं था।


उन्होंने कहा, ''जब मुझे यह पता चला कि वह तलाक लेना चाहती हैं, तब मैंने समझा कि उनके परिवार वाले उनके फैसले के खिलाफ थे। उन्हें उस समय वह सहारा नहीं मिल रहा था, जिसकी उन्हें सबसे ज्यादा जरूरत थी।''


राम कपूर ने कहा, ''जब गौतमी ने अपने पहले पति मधुर श्रॉफ से अलग होने का निर्णय लिया, तब मैंने एक दोस्त के रूप में उनका साथ दिया। मैंने उनसे कहा कि अगर उन्हें किसी भी प्रकार की मदद की आवश्यकता हो, तो मैं हमेशा उनके साथ हूं। उस समय मैं उनका सबसे करीबी दोस्त बन गया था। मेरे मन में सिर्फ इतना था कि उन्हें भावनात्मक समर्थन मिले।''


राम कपूर ने बताया कि उन्हें अपने प्यार का एहसास फिल्म 'मानसून वेडिंग' की शूटिंग के दौरान हुआ। उस समय वह दिल्ली में शूटिंग कर रहे थे और हर रात गौतमी से फोन पर लंबी बातें होती थीं।


उन्होंने कहा, ''एक रात फोन पर लंबी बातचीत के बाद जब मैंने कॉल खत्म की, तो अचानक महसूस हुआ कि मैं उन्हें बहुत याद कर रहा हूं। यह एहसास मेरे लिए नया था और मैं थोड़ा घबरा गया। गौतमी बहुत अच्छी इंसान थीं। इसलिए मैंने कुछ समय के लिए उनसे दूरी बनाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा दिन ऐसा नहीं कर पाया। मेरी यह दूरी उन्होंने भी महसूस कर ली और एक दिन उन्होंने मुझसे पूछा कि आखिर बात क्या है।''


राम ने आगे बताया कि बाद में उन्हें पता चला कि गौतमी भी उनके लिए वैसी ही भावनाएं रखती थीं, लेकिन वह अपने दिल की बात कहने में संकोच कर रही थीं। अंततः दोनों ने अपने रिश्ते को एक मौका देने का निर्णय लिया।


उन्होंने कहा कि गौतमी अपने अतीत को लेकर किसी प्रकार का पछतावा नहीं रखतीं। उनके पहले पति अच्छे इंसान हैं और उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया था। कई बार रिश्ते केवल इसलिए खत्म हो जाते हैं क्योंकि दो लोग एक-दूसरे के लिए सही नहीं होते। इसमें किसी एक को दोष नहीं दिया जा सकता।


करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद राम कपूर और गौतमी कपूर ने 2003 में शादी कर ली। आज दोनों दो बच्चों के माता-पिता हैं और टीवी इंडस्ट्री के सबसे सफल और मजबूत कपल्स में उनकी गिनती होती है।