राजेंद्र चावला ने 'लक्ष्मी निवास' में निभाए किरदार की गहराई पर की चर्चा
टीवी शो 'लक्ष्मी निवास' में राजेंद्र चावला का अनुभव
मुंबई, 9 जनवरी। टेलीविजन और सिनेमा की कहानियाँ न केवल मनोरंजन प्रदान करती हैं, बल्कि समाज, परिवार और रिश्तों की जटिलताओं को भी उजागर करती हैं। इस संदर्भ में जी टीवी का शो 'लक्ष्मी निवास' काफी चर्चा में है। इस शो में मुख्य भूमिका निभा रहे अभिनेता राजेंद्र चावला ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे एक साधारण परिवार की कहानी में भावनाओं और रिश्तों की कई परतें छिपी होती हैं।
राजेंद्र ने कहा कि हर किरदार की अपनी एक अलग दुनिया होती है, और हर व्यक्ति का दृष्टिकोण उसके अनुभवों से बनता है। उन्होंने कहा, "परिवार में कई सदस्य होते हैं, और हर कोई अपनी भावनाओं में जीता है। कोई भी व्यक्ति गलत या नकारात्मक नहीं होता, बल्कि हर किसी का नजरिया उसके अनुभवों पर निर्भर करता है। मैं अपनी बेटियों और परिवार के लिए जान की बाजी लगा सकता हूं।"
शो में परिवार और परंपराओं के बीच की जटिलताओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, "दर्शकों का दृष्टिकोण समय के साथ बदल रहा है। हर चीज समय के साथ विकसित होती है और दर्शक किरदारों को नए नजरिए से देखना चाहते हैं। एक अभिनेता के लिए यह समझना आवश्यक है कि दर्शक उसके किरदार को कैसे महसूस करेंगे।"
राजेंद्र ने आगे कहा, "'लक्ष्मी निवास' में काम करते समय मैंने कई भावनात्मक क्षणों का अनुभव किया, जिन्हें शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। ये अनुभव दिल के करीब होते हैं और मुझे व्यक्तिगत रूप से जोड़ते हैं। अभिनय करते समय खुलकर काम करने का अवसर मिलना सबसे सुखद होता है। कलाकारों के लिए किसी प्रकार का दबाव न होना उनके किरदार में पूरी तरह उतरने में मदद करता है, चाहे दृश्य कितना भी छोटा या बड़ा क्यों न हो।"
इंटरव्यू में उन्होंने आधुनिक समाज के बारे में भी अपने विचार साझा किए। राजेंद्र ने कहा, "किसी भी व्यक्ति को केवल अच्छा या बुरा नहीं कहा जा सकता। हर व्यक्ति अलग होता है। कोई स्वार्थी या नकारात्मक लग सकता है, लेकिन वास्तव में वह ग्रे शेड्स में जीता है। बच्चा अपने पिता से प्यार करता है, लेकिन जब पैसे या जिम्मेदारी की बात आती है, तो वह संघर्ष करता है। यह उन्हें बुरा नहीं बनाता, बल्कि इंसान बनाता है।"