राजीव खंडेलवाल की धमाकेदार वापसी: नए गेम शो 'तुम हो ना' में होस्ट बनेंगे!
राजीव खंडेलवाल का नया शो
मुंबई, 14 अप्रैल। अभिनेता राजीव खंडेलवाल छोटे पर्दे पर एक नई पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। वह सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले नए गेम रियलिटी शो 'तुम हो ना – घर की सुपरस्टार' के होस्ट के रूप में नजर आएंगे। इस शो का प्रीमियर 28 अप्रैल को होगा।
'तुम हो ना – घर की सुपरस्टार' में आम घरेलू महिलाओं को अपने परिवार के साथ मंच पर आकर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
शो के निर्माताओं ने एक प्रोमो जारी किया है, जिसमें राजीव खंडेलवाल एक प्रतियोगी अवंतिका और उनके पति से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अवंतिका ने अपने मॉडलिंग करियर को छोड़कर गृहणी बनने का निर्णय लिया है। राजीव उनसे कहते हैं, “आपने मॉडलिंग का पेशा छोड़ दिया और होममेकर बन गईं।” इस पर अवंतिका के पति भावुक होकर बताते हैं कि उनकी पत्नी ने बच्चों के लिए अपना करियर त्याग दिया।
अवंतिका के पति उन्हें हाई हील्स गिफ्ट करते हुए कहते हैं, “8 साल हो गए, मैंने हाई हील्स में आपको नहीं देखा, आज मैं इस मंच पर आपको देखना चाहता हूं।” इस पर राजीव खंडेलवाल उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहते हैं, “यह मंच आपका है। यह पल आपका है।” प्रोमो में राजीव और अवंतिका की जोड़ी मंच को रैंप की तरह इस्तेमाल करते हुए नजर आ रही है।
राजीव खंडेलवाल ने पिछली बार 'अमर विश्वास' में काम किया था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 'फिल्मी चक्कर' सीरीज को निर्देशित करके की थी। उन्हें पहले बड़े ब्रेक के रूप में 'कहीं तो होगा' मिला। इसके बाद उन्होंने 'टाइम बम 9/11', 'सुन लेना', 'लेफ्ट राइट लेफ्ट' और 'रिपोर्टर्स' जैसी कई सीरीज में काम किया।
राजीव ने 2008 में फिल्म 'आमिर' से बॉलीवुड में कदम रखा और 'शैतान', 'साउंडट्रैक', 'टेबल नंबर 21' और 'सम्राट एंड कंपनी' जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। वेब सीरीज में उन्होंने 2018 में 'हक से' और 2019 में दिव्यांका त्रिपाठी के साथ 'कोल्ड लस्सी और चिकन मसाला' में काम किया।
अभिनय के अलावा, राजीव कई रियलिटी शो के होस्ट भी रह चुके हैं, जैसे 'डील या नो डील', 'सच का सामना', 'सुपर कार्स' और 'माई एंडेवर'।