×

भुवन बाम की ‘ढिंढोरा 2’: नेटफ्लिक्स पर आने वाली है नई मस्ती और पुरानी यादें!

भुवन बाम की लोकप्रिय सीरीज ‘ढिंढोरा’ का दूसरा सीजन अब नेटफ्लिक्स पर आने के लिए तैयार है। दर्शकों के बीच इसके पहले सीजन की जबरदस्त लोकप्रियता के बाद, भुवन ने इस नए सीजन में पुरानी यादों और नए पागलपन का मिश्रण पेश करने का वादा किया है। उन्होंने बताया कि इस सीजन को लाना आसान नहीं था और इसके लिए कई ड्राफ्ट और जोक्स पर काम किया गया। जानें इस सीजन में क्या नया देखने को मिलेगा और क्यों यह फैंस के लिए खास है।
 

भुवन बाम की नई सीरीज का इंतजार



मुंबई, 24 सितंबर (वेब वार्ता)। कंटेंट निर्माता और अभिनेता भुवन बाम की चर्चित सीरीज ‘ढिंढोरा’ के दूसरे सीजन का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह सीरीज 2021 में यूट्यूब पर लॉन्च हुई थी और इसने भुवन के किरदारों को हर घर में पहचान दिलाई। अब, ‘ढिंढोरा 2’ नेटफ्लिक्स पर आने के लिए तैयार है।


सीरीज की पहली झलक सामने आने के बाद फैंस में उत्साह और बढ़ गया है। भुवन ने बताया कि इस सीजन को दर्शकों तक लाना उनके लिए आसान नहीं था। इसके लिए उन्हें कई ड्राफ्ट, जोक्स और कहानी पर बार-बार काम करना पड़ा।


भुवन ने कहा, 'सीरीज ‘ढिंढोरा’ मेरे लिए बहुत खास है। इसके किरदार मेरे और दर्शकों के साथ बड़े हुए हैं। इसके दूसरे सीजन पर काफी समय से काम चल रहा था और अब जब इसकी पहली झलक सामने आई है, तो यह मेरे लिए एक यादगार पल है।'


उन्होंने आगे कहा, '‘ढिंढोरा 2’ में पहले सीजन से ज्यादा पागलपन होगा, लेकिन इसकी सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें पुरानी दुनिया का मजा और अपनापन बना रहेगा। मैं नहीं चाहता कि बड़े प्लेटफॉर्म पर जाने से शो अपनी असली पहचान खो दे। इसलिए कहानी को बड़ा करने के साथ-साथ उन चीजों को भी संभालकर रखा गया है, जिनसे दर्शक पहले सीजन में जुड़े थे।'


भुवन ने बताया कि सीजन 2 को तैयार करने में सबसे बड़ी चुनौती कहानी थी। इस प्रोजेक्ट पर काम करते हुए कई ड्राफ्ट लिखे गए। उनका उद्देश्य था कि जो कहानी दर्शकों तक पहुंचे, वह उन्हें सही लगे और उनकी मौजूदा सोच से भी जुड़ सके।



उन्होंने कहा, 'अब ‘ढिंढोरा 2’ जिस स्तर पर पहुंचा है, वह आज की सोच और परिपक्वता से जुड़ा हुआ है। सीरीज में कुछ ऐसे मुद्दों को भी छूने की कोशिश की गई है, जिन पर मैं खुद भरोसा करता हूं। मुझे उम्मीद है कि पुराने फैंस को इसमें वही अपनापन मिलेगा, जिसके लिए वे इस सीरीज को पसंद करते आए हैं। साथ ही नई ऑडियंस भी इस कहानी और इसके किरदारों से जुड़ पाएगी।'


बीबीकेवी प्रोडक्शन्स के फाउंडर और प्रोड्यूसर रोहित राज ने भी ‘ढिंढोरा’ के इस सफर को खास बताया। उन्होंने कहा, 'एक इंडिपेंडेंट यूट्यूब सीरीज से नेटफ्लिक्स तक पहुंचना एक बड़ा सफर रहा है। दूसरे सीजन को बड़े स्तर पर बनाने की कोशिश की गई है, लेकिन टीम ने यह भी ध्यान रखा कि पहले सीजन की मस्ती, पागलपन और पहचान कहीं खो न जाए।'


नेटफ्लिक्स ने हाल ही में ‘ढिंढोरा 2’ की पहली झलक जारी की थी। इसमें ‘बीबी की वाइन्स’ की दुनिया और इसके पसंदीदा किरदारों की वापसी देखने को मिली। इस बार कहानी बड़े कैनवास पर दिखाई जाएगी और टीटू मामा एक बार फिर इस पूरे पागलपन के बीच अहम भूमिका में नजर आएंगे।


‘ढिंढोरा’ का पहला सीजन 2021 में यूट्यूब पर रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों का काफी प्यार मिला था। अब दूसरे सीजन के साथ यह फ्रेंचाइजी नेटफ्लिक्स पर पहुंच रही है। ‘ढिंढोरा 2’ को भुवन बाम और रोहित राज ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन स्नेहा शेट्टी कोहली ने किया है।