☰
×

बिग बॉस 20: लव गिल के खिलाफ आरोपों पर उनकी टीम का कड़ा बयान

बिग बॉस 20 में लव गिल के खिलाफ आरोपों पर उनकी टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है, जिसमें चरित्र हनन और समाज के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाए गए हैं। टीम ने लव गिल के साथ हुए व्यवहार की कड़ी निंदा की है और उनके परिवार की स्थिति पर चिंता जताई है। जानें इस विवाद के बारे में और क्या कहा गया है।
 

लव गिल के चरित्र हनन पर उठे सवाल

मुंबई, 26 अक्टूबर। रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में प्रतियोगी लव गिल के खिलाफ लगाए गए आरोपों और उनके साथ हुए व्यवहार पर अब उनकी आधिकारिक टीम ने प्रतिक्रिया दी है। टीम ने एक बयान जारी कर लव गिल के चरित्र हनन की कड़ी निंदा की है और समाज के दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाए हैं।


हाल ही में 'बिग बॉस 20' के 'वीकेंड का वार' एपिसोड में यूट्यूबर स्काउट ओपी की प्रेमिका काशवी हिरानंदानी ने घर में प्रवेश किया और लव गिल के साथ-साथ स्काउट को भी आड़े हाथों लिया। शो में सलमान खान की जगह रोहित शेट्टी ने मेज़बानी की, जिन्होंने पहले ही स्काउट और लव गिल के बीच बढ़ती नजदीकियों पर सवाल उठाए थे। इसके बाद काशवी ने दोनों की जमकर क्लास लगाई।


लव गिल पर की गई टिप्पणियों को लेकर उनकी टीम ने इंस्टाग्राम पर एक स्टेटमेंट साझा किया है। उन्होंने कहा, "व्यक्ति की सहनशीलता की भी एक सीमा होती है, जिसके बाद खामोशी भी चीख बन जाती है। टेलीविजन पर लव गिल को इस तरह अकेले देखना, जहां उनके चरित्र को नष्ट किया जा रहा था, बहुत दर्दनाक था। उनका परिवार टूट चुका है। सोचिए, एक मां के लिए यह कितना कठिन होगा कि वह देखे कि उसकी बेटी को बदनाम किया जा रहा है।"


टीम ने आगे कहा, "लव गिल की सीमाएं पहले दिन से स्पष्ट थीं, और स्काउट उनके लिए भाई के समान थे। जैसे ही एक व्यक्ति ने उन सीमाओं को पार किया, समाज ने दोहरा मापदंड दिखाया और लड़की को दोषी ठहरा दिया।"


टीम का कहना है कि 'वीकेंड का वार' में लव गिल को अपमानित किया गया है। उन्होंने लिखा, "लव गिल ने अपने चरित्र का सार्वजनिक रूप से हनन होते देखा है। वह सम्मानित होने और सुरक्षित रहने की हकदार थीं, लेकिन उन्हें अपमानित किया गया। किसी भी महिला को कभी भी किसी पुरुष के फैसलों की कीमत नहीं चुकानी चाहिए।"