बिग बॉस 20: प्रतियोगियों की आंखों में आंसू, 20 साल की यात्रा का खास मोंटाज!
बिग बॉस 20 का भावुक पल
मुंबई, 11 सितंबर (वेब वार्ता)। 'बिग बॉस 20' के घर में एक बेहद भावुक क्षण देखने को मिला, जब वर्तमान प्रतियोगियों को शो के 20 साल के सफर की एक विशेष झलक दिखाई गई। निर्माताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए वीडियो मोंटाज में शो के दो दशकों के यादगार लम्हों को शामिल किया गया था। इसमें पुराने सीज़न की दोस्ती, प्यार, भावनात्मक रिश्ते, तीखी बहसें और सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई चर्चित क्षण शामिल थे। इन यादों को फिर से देख कर घर के सदस्य भावुक हो गए।
मोंटाज में 'बिग बॉस' के कई पुराने और चर्चित क्षणों को दर्शाया गया था। इनमें शहनाज गिल का प्रसिद्ध डायलॉग 'त्वाडा कुत्ता टॉमी, साडा कुत्ता कुत्ता' भी शामिल था। इस क्लिप को देखकर घर का माहौल कुछ समय के लिए खुशनुमा हो गया और प्रतियोगी पुराने लम्हों का आनंद लेते नजर आए। लेकिन जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ा, शो से जुड़े भावुक रिश्तों और दोस्ती के क्षणों ने घरवालों को भावुक कर दिया।
पुराने प्रतियोगियों की दोस्ती, प्यार और रिश्तों की झलक देखकर अरशिफा खान, माही विज, आम्रपाली दुबे और आसिफ खान जैसे कई प्रतियोगियों की आंखों में आंसू आ गए। 'बिग बॉस' के 20 साल के सफर में कई प्रतियोगी ट्रॉफी जीतकर आगे बढ़े, लेकिन शो के झगड़े, दोस्ती, प्यार, बहस और मजेदार संवाद आज भी दर्शकों के बीच याद किए जाते हैं। यही कारण है कि कई पुराने पल आज भी सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। 20वें सीजन का यह मोंटाज शो की इसी यादगार विरासत को फिर से सामने लाता है।