×

टीवी की दुनिया में टिके रहने के लिए प्राची सिंह ने साझा किए अपने अनुभव

टीवी अभिनेत्री प्राची सिंह ने हाल ही में अपने अनुभव साझा किए हैं कि कैसे मानसिक स्वास्थ्य और परिवार के साथ जुड़ाव इस इंडस्ट्री में टिके रहने के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए बताया कि कैसे इमोशनल सीन्स को निभाना चुनौतीपूर्ण होता है। जानें उनके विचार और अनुभव इस लेख में।
 

प्राची सिंह का मानसिक स्वास्थ्य पर जोर




मुंबई, 29 जून। टीवी इंडस्ट्री में कलाकारों को हर दिन नए-नए किरदार निभाने होते हैं, लंबे समय तक शूटिंग करनी पड़ती है और हर दिन बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव भी होता है। ऐसे माहौल में खुद को सक्रिय बनाए रखना एक चुनौती है। इस विषय पर टीवी अभिनेत्री प्राची सिंह ने अपने विचार साझा किए हैं।


वर्तमान में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में मंजरी उर्फ मुन्नी का किरदार निभा रहीं प्राची का मानना है कि इस क्षेत्र में सफल होने के लिए केवल अच्छा अभिनेता होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मानसिक रूप से मजबूत रहना और अपनी जड़ों से जुड़े रहना भी आवश्यक है।


प्राची ने कहा, "यह काम बहुत चुनौतीपूर्ण है। मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना और सकारात्मक सोच बनाए रखना बेहद जरूरी है। इस इंडस्ट्री में धैर्य की आवश्यकता होती है। यदि आप छोटी-छोटी बातों से परेशान होने लगते हैं, तो लंबे समय तक टिक पाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए मानसिक रूप से मजबूत रहना आवश्यक है।"


उन्होंने आगे कहा, "परिवार और अपनी जड़ों से जुड़े रहना व्यक्ति को अंदर से मजबूत बनाता है। जब कोई अपने परिवार के साथ जुड़ा रहता है, तो उसे एक अलग सुकून मिलता है। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति हमेशा अपने असली रूप में रहे। दिखावे में जीने से मन कभी शांत नहीं रहता।"


प्राची ने यह भी कहा, "सफलता मिलने के बाद भी व्यक्ति को विनम्र रहना चाहिए। मनोरंजन की दुनिया में जमीन से जुड़े रहना थोड़ा कठिन होता है, लेकिन अगर व्यक्ति अपने व्यवहार और सोच को नहीं बदलता, तो वह हर परिस्थिति में खुश रह सकता है। मैं चाहूंगी कि हर कलाकार सफलता के बाद भी विनम्र बना रहे।"


बातचीत के दौरान प्राची ने अपने अभिनय के तरीके के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, "मेरे लिए इमोशनल सीन्स सबसे कठिन होते हैं। ऐसे सीन्स में मैं सोचती हूं कि अगर मेरे साथ ऐसा होता तो मैं कैसा महसूस करती और कैसी प्रतिक्रिया देती। जब आप उस दर्द या खुशी को सच में महसूस करने लगते हैं, तभी वह इमोशन्स पर्दे पर भी सच्चे दिखाई देते हैं। यही तरीका मुझे इमोशनल सीन्स को शूट करने में मदद करता है।"


प्राची ने 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के सेट का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने कहा, "वहां का माहौल बहुत अच्छा है और अनुभवी कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए सीखने का बेहतरीन अवसर है। इस शो के लिए मुझे अचानक ऑडिशन भेजने के लिए कहा गया था। मैंने किरदार की जानकारी मिलने के बाद तुरंत ऑडिशन रिकॉर्ड करके भेज दिया। करीब 10 से 15 दिन बाद मुझे फोन आया और बताया गया कि मेरा चयन हो गया है। यह सुनकर मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मैं इस मौके को अपने करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानती हूं।"