×

जन्माष्टमी पर भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया का खास जश्न: नन्हे कृष्णों के साथ मनाया त्योहार!

भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने इस साल जन्माष्टमी का त्योहार अपने दो नन्हे बेटों के साथ मनाया। उन्होंने बताया कि बच्चों के आगमन के बाद त्योहारों का आनंद और भी बढ़ गया है। खासकर, अपने बेटों को नन्हे कृष्ण के रूप में सजाना उनके लिए एक यादगार अनुभव है। जानें, कैसे वे अपने घर में इस खास दिन को मनाते हैं और त्योहारों के महत्व को बच्चों में कैसे जागरूक करते हैं।
 

जन्माष्टमी का जश्न




मुंबई, 4 सितंबर। कॉमेडियन और टीवी होस्ट भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया के लिए इस वर्ष जन्माष्टमी का त्योहार विशेष महत्व रखता है। इसका कारण है उनके परिवार में शामिल हुए उनके दो छोटे बेटे। भारती और हर्ष इस बार अपने बेटों लक्ष्य, जिसे 'गोला' कहा जाता है, और यशवीर, जिसे 'काजू' कहा जाता है, के साथ जन्माष्टमी का जश्न मना रहे हैं।


आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने बताया कि बच्चों के आगमन के बाद त्योहारों का आनंद और भी बढ़ गया है। खासकर जन्माष्टमी पर अपने बच्चों को नन्हे कृष्ण के रूप में सजाना उनके लिए एक अद्भुत अनुभव है।


भारती ने कहा, ''जन्माष्टमी हमेशा से मेरे लिए खुशी का त्योहार रहा है, क्योंकि यह घर में उत्साह, भक्ति और परिवार के साथ समय बिताने का अवसर लाता है। गोला के जन्म के बाद, मैं इस दिन का बेसब्री से इंतजार करती हूं ताकि उसे नन्हे कृष्ण के रूप में सजाऊं। अब काजू के साथ, मेरा दिल दोगुनी खुशी से भर गया है। अपने दोनों नन्हे कृष्णों को मुस्कुराते और त्योहार मनाते देखना एक ऐसी याद है, जिसे मैं हमेशा संजोकर रखना चाहती हूं।''


उन्होंने घर में जन्माष्टमी के जश्न के बारे में भी बताया। भारती ने कहा, ''हम अपने घर पर एक छोटी सी दही हांडी का आयोजन करते हैं, जिसमें परिवार के सभी सदस्य उत्साह से भाग लेते हैं। बच्चों के लिए त्योहारों को केवल देखना ही नहीं, बल्कि परिवार के साथ उन्हें अनुभव करना भी आवश्यक है। मैं चाहती हूं कि मेरे बच्चे बड़े होकर इन त्योहारों की कहानियों और उनसे मिलने वाली सीख को समझें।''


भारती ने आगे कहा, ''इस साल मैं और हर्ष अपने शो 'इंडियन गेम शो विद भारती एंड हर्ष' में जन्माष्टमी से संबंधित एक विशेष गेम लेकर आए हैं। हम कलाकारों और टीम के साथ मिलकर त्योहार की खुशियां मना रहे हैं। साथ में हंसना, खेलना और त्योहार का जश्न मनाना मेरे लिए एक खास अनुभव है। मुझे उम्मीद है कि शो देखने वाले दर्शक भी उसी खुशी को महसूस करेंगे।''


हर्ष लिंबाचिया ने भी बच्चों को छोटी उम्र से भारतीय त्योहारों और परंपराओं से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ''जन्माष्टमी उन त्योहारों में से एक है, जो घर में खुशी, ऊर्जा और गर्मजोशी लाता है। यह जरूरी है कि बच्चे केवल त्योहार मनाने तक सीमित न रहें, बल्कि यह भी जानें कि उस त्योहार का महत्व क्या है और इसके पीछे कौन सी परंपराएं और कहानियां हैं।''


अपने घर की जन्माष्टमी की तैयारी के बारे में हर्ष ने कहा, ''मेरा परिवार इस त्योहार को अपने तरीके से खास बनाता है। घर में दही हांडी लाई जाती है और एक छोटी सी दही हांडी का आयोजन किया जाता है। हांडी फोड़ने से पहले गोला को नन्हे कृष्ण के रूप में सजाया जाता है। अब काजू के परिवार में आने के बाद यह पल और भी खास हो गया है, क्योंकि घर में दो नन्हे बाल कृष्ण हैं।''