क्या है 'लाफ्टर शेफ्स' के खास एपिसोड में हरपाल सिंह सोखी का अनोखा जन्मदिन सेलिब्रेशन?
हरपाल सिंह सोखी का जन्मदिन मनाने का अनोखा तरीका
मुंबई, 13 अप्रैल। 'लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट' एक ऐसा कार्यक्रम है, जो खाना पकाने के साथ-साथ हंसी का तड़का भी लगाता है। यही कारण है कि यह शो दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। हर एपिसोड में कुछ नया और मजेदार देखने को मिलता है, जो दर्शकों को बांधे रखता है। इस बार का एपिसोड खास है, क्योंकि इसमें शो के जज और प्रसिद्ध शेफ हरपाल सिंह सोखी का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाया गया है।
इस खास अवसर की झलक चैनल कलर्स टीवी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया। वीडियो में सभी कंटेस्टेंट नाचते-गाते हुए एंट्री लेते हैं और पूरे उत्साह के साथ शेफ हरपाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं।
वीडियो का सबसे मजेदार हिस्सा तब आता है, जब मशहूर कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक अपने अनोखे अंदाज में हरपाल सिंह सोखी को बधाई देते हैं। वह मजाकिया लहजे में कहते हैं, ''पचास का चावल, साठ की दाल… जोर से बोलो हैप्पी बर्थडे हरपाल।'' उनके इस मजेदार अंदाज पर सभी लोग हंस पड़ते हैं।
इसके बाद प्रोमो में एक ऐसा मोड़ आता है, जो सभी को चौंका देता है। कृष्णा अभिषेक कहते हैं कि आज खाना शेफ हरपाल बनाएंगे। यह सुनकर सभी कंटेस्टेंट और वहां मौजूद लोग हैरान रह जाते हैं, क्योंकि आमतौर पर वह खुद कंटेस्टेंट को खाना बनाने के लिए कहते हैं। लेकिन असली मजा तब आता है, जब कृष्णा एक अनोखी शर्त रखते हैं।
वह कहते हैं कि आज हरपाल जी को चाय बनानी होगी, लेकिन यह चाय गैस पर नहीं, बल्कि कपड़े प्रेस करने वाली इस्त्री पर बनाई जाएगी। यह सुनकर हरपाल सिंह खुद भी दंग रह जाते हैं और हैरानी भरी नजरों से होस्ट भारती सिंह की ओर देखते हैं।
इस दौरान शो के एक और कंटेस्टेंट करण कुंद्रा मजाक में कहते हैं कि हरपाल जी, आप बस एक कप चाय बना दीजिए।
इस वीडियो के साथ चैनल ने एक दिलचस्प कैप्शन लिखा, ''हरपाल जी के जन्मदिन पर सभी शेफ्स ने उन्हें एक अनोखा सरप्राइज दिया है।''
'लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट 3' शनिवार-रविवार रात 9 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित होता है।