क्या है 'रोडीज रीबर्थ' का नया कॉन्सेप्ट? जानें इस बार के गैंग लीडर्स के बारे में!
पंचकूला में 'रोडीज रीबर्थ' का प्रमोशनल इवेंट
चंडीगढ़, 7 सितंबर। देश के चर्चित रियलिटी शो 'रोडीज' के लिए ऑडिशन का दौर जारी है। इस बीच, शो के गैंग लीडर्स और बॉलीवुड सितारों ने हरियाणा के पंचकूला में एक प्रमोशनल इवेंट में शिरकत की।
रोडीज के गैंग लीडर और जज रणविजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस शो की सफलता का राज यह है कि जैसे-जैसे युवा पीढ़ी बदलती है, शो का कॉन्सेप्ट भी बदलता है।
उन्होंने कहा कि जो अनुभव उन्होंने अपने समय में किया, वह अब अलग है। इस साल 'रोडीज' का 21वां सीजन आने वाला है, जिसमें बदलाव लाने का प्रयास किया गया है। इस सीजन में 6 गैंग लीडर्स होंगे, जिनमें से एक ओजी (ऑरिजिनल) और दूसरा न्यूजी (नए) समूह होगा।
ओजी समूह में निखिल चिनप्पा, नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला शामिल हैं, जबकि न्यूजी समूह में अभिषेक मल्हान, बासिर अली और गुरबानी (बानी जे) शामिल हैं। निखिल चिनप्पा ने एमटीवी की नींव रखी थी और अब सभी ने मिलकर इसे आगे बढ़ाया है।
यूट्यूबर अभिषेक मल्हान ने कहा, "इस बार का सीजन 'रीबर्थ' है। जब मुझे बताया गया कि छह गैंग लीडर हैं, तो मैंने सोचा कि छह गैंग होंगे, लेकिन रोडीज में हमेशा कोई न कोई ट्विस्ट होता है। इस बार का कॉन्सेप्ट 'पुराने बनाम नए' है।"
उन्होंने आगे कहा कि 'रोडीज' एक अद्भुत यात्रा है, जो उन लोगों को प्लेटफॉर्म प्रदान करता है जो कुछ करना चाहते हैं।
एक्टर प्रिंस नरूला ने कहा, "रोडीज के ऑडिशन के दौरान लंबी कतारें देखने को मिलती हैं। यह शो आम लोगों को स्टार बनने का मौका देता है।"
नेहा धूपिया ने कहा, "यह रोडीज का रीबर्थ है। 21 साल हो गए हैं और नए गैंग लीडर्स का आना एक नई बात है।"
डीजे निखिल चिनप्पा ने कहा, "इस वर्ष की थीम 'रीबर्थ' है, जो कंटेस्टेंट्स के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस शो में कई प्रतिभागियों ने अपनी जिंदगी बदलने का अवसर पाया है।"