क्या है 'बिग बॉस 20' का नया ट्विस्ट? सलमान खान ने किया खुलासा!
बिग बॉस 20 में नया मोड़
मुंबई, 12 अगस्त। सलमान खान एक बार फिर से छोटे पर्दे के लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस' के नए सीजन के साथ लौटने के लिए तैयार हैं। 'बिग बॉस सीजन 20' को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है। हाल ही में शो के निर्माताओं ने एक नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें इस सीजन के विशेष ट्विस्ट की झलक दिखाई गई है। इस बार शो में 'एक्स्ट्रा जीवनदान' का नया कॉन्सेप्ट पेश किया जा रहा है, जो प्रतियोगियों के खेल और घर में बने रहने के तरीके को पूरी तरह से बदल सकता है।
प्रोमो में सलमान खान ने इस नए ट्विस्ट के बारे में अपनी राय साझा की है। उन्होंने कहा कि 'बिग बॉस' में हर साल खेल के नियमों और तरीके में बदलाव होता है, लेकिन इस बार केवल खेल ही नहीं, बल्कि इसे खेलने का तरीका भी बदलने वाला है।
सलमान ने कहा, ''बिग बॉस में हर साल खेल बदलता है। इस बार सिर्फ खेल नहीं, खेलने का तरीका भी बदलने वाला है। 'जीवनदान' सुनने में जितना सरल लगता है, उतना है नहीं। बाकी, घर के अंदर पता चल ही जाएगा।''
सलमान के इस बयान ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर शो के नए प्रोमो की झलक भी साझा की। प्रोमो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ''सभी घरवालों के लिए दो जिंदगियों का वरदान। मेरी जान, 'बिग बॉस' 6 सितंबर से जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी पर शुरू हो रहा है।''
प्रोमो की शुरुआत एक अखाड़े जैसे माहौल में दो योद्धाओं के बीच जबरदस्त टकराव से होती है। दोनों के बीच मुकाबला काफी आक्रामक नजर आता है और माहौल लगातार तनावपूर्ण होता जाता है। इसी दौरान सलमान खान की दमदार एंट्री होती है। वह शो के इस सीजन के सबसे बड़े ट्विस्ट यानी कंटेस्टेंट्स के लिए मिलने वाले अतिरिक्त 'जीवनदान' का खुलासा करते हैं।
प्रोमो से संकेत मिलता है कि इस बार घर में शामिल होने वाले प्रतियोगियों को गेम में बने रहने का एक अतिरिक्त मौका मिल सकता है। यानी किसी प्रतियोगी के सामने ऐसी स्थिति आने पर, जहां उसका सफर खत्म होने वाला हो, वहां 'एक्स्ट्रा जीवनदान' उसकी किस्मत बदल सकता है।
हालांकि, निर्माताओं ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह जीवनदान सभी प्रतियोगियों को मिलेगा या इसे हासिल करने के लिए उन्हें कोई टास्क या शर्त पूरी करनी होगी, या फिर 'एक्स्ट्रा जीवनदान' का उपयोग कब और किस परिस्थिति में किया जा सकेगा। ऐसे में फिलहाल इस ट्विस्ट को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। क्या यह जीवनदान नॉमिनेशन के दौरान काम आएगा? क्या किसी टास्क के जरिए इसे हासिल किया जा सकेगा? या फिर बिग बॉस खुद किसी खास मौके पर प्रतियोगी को इसका फायदा देंगे? इन सभी सवालों के जवाब शो के प्रीमियर के बाद ही सामने आएंगे।
'बिग बॉस सीजन 20' का प्रीमियर 6 सितंबर को होगा। सलमान खान एक बार फिर शो को होस्ट करते नजर आएंगे। यह शो कलर्स पर प्रसारित होगा और जियो टीवी हॉटस्टार पर भी स्ट्रीम किया जाएगा।