☰
×

क्या है पारस कलनावत की टीवी पर वापसी का राज? जानें 'अप्सरा' में उनके नए लुक के बारे में!

पारस कलनावत, जो 'अनुपमा' के लिए जाने जाते हैं, अब 'अप्सरा' के जरिए टीवी पर वापसी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वेब स्पेस में काम करने के बाद उन्हें टीवी की बहुत याद आई। इस शो में उनका नया रफ-टफ लुक देखने को मिलेगा, जिसमें उन्होंने वजन कम किया है और मस्कुलर बॉडी बनाई है। 'अप्सरा' 21 अक्टूबर से स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा। जानें इस शो की कहानी और पारस के अनुभव के बारे में!
 

पारस कलनावत की टीवी पर नई शुरुआत




मुंबई, 14 अक्टूबर। टेलीविजन के जाने-माने अभिनेता पारस कलनावत जल्द ही 'अप्सरा' नामक शो के माध्यम से टीवी पर वापसी करने वाले हैं, जिसमें उनके साथ समीक्षा जयसवाल और अनुष्का मर्चंडे भी नजर आएंगी। पारस ने बताया कि उन्होंने वेब स्पेस में काम करने के लिए टीवी से कुछ समय का ब्रेक लिया था, लेकिन इस दौरान उन्हें टीवी की बहुत याद आई।


पारस ने कहा, "लगभग तीन-चार साल बाद स्टार प्लस पर लौटकर ऐसा महसूस हो रहा है जैसे मैं घर वापस आ गया हूँ। 'अनुपमा' ने मुझे एक बड़ा ब्रेक दिया था और यह मेरे करियर का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ था, इसलिए यह चैनल मेरे लिए हमेशा खास रहेगा। मैंने वेब स्पेस में जाने के लिए टेलीविजन से ब्रेक लिया था, लेकिन मुझे एहसास हुआ कि मुझे टीवी शोज की कितनी याद आती है। टेलीविजन मेरी जिंदगी का एक अहम हिस्सा रहा है और इसी दौरान मुझे 'अप्सरा' के लिए कॉल आया।"


अभिनेता ने दर्शकों को आश्वस्त किया कि इस शो में उनका नया लुक देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा, "इस शो में मेरे लुक की बात करें, तो पहली बार मैं स्क्रीन पर थोड़ा रफ-टफ दिखने की कोशिश कर रहा हूं। पिछले डेढ़ साल में, मैंने लगभग 15-18 किलो वजन कम किया है और मस्कुलर बॉडी बनाने पर ध्यान दिया है। 'अप्सरा' में दर्शक मुझे इस लुक में देखेंगे और मैं इसके लिए बहुत उत्साहित हूं।"


पारस के लिए यह शो 'अनुपमा' के चार साल बाद स्टार प्लस पर वापसी का अवसर है। इस प्रोजेक्ट को लेकर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "मैं बहुत समय से मुक्ता मैम के साथ काम करना चाहता था, इसलिए मैं खुश हूं कि यह आखिरकार हो रहा है। समीक्षा और अनुष्का के साथ काम करने का अनुभव भी बहुत अच्छा रहा है।"


मुक्ता धोंड द्वारा निर्मित यह शो समुद्र मंथन की कहानी से प्रेरित है, जिसमें अमृत को बुरी शक्तियों से बचाने और अपने प्रियजनों की रक्षा करने की भावना के बीच संघर्ष को दर्शाया गया है। 'अप्सरा' 21 अक्टूबर से स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा।