×

क्या है 'तुम से तुम तक' की अनु का प्यार और रिश्तों पर अनोखा नजरिया?

टीवी अभिनेत्री निहारिका चौकसे अपने शो 'तुम से तुम तक' में अनु के किरदार के माध्यम से प्यार और रिश्तों की गहराई को दर्शाती हैं। उन्होंने बताया कि कैसे अनु ने जीवन के महत्वपूर्ण सबक सिखाए हैं, जैसे कि विश्वास, धैर्य और एक-दूसरे का साथ निभाना। अनु की कहानी दर्शकों को भावुक करती है और रिश्तों की सच्चाई को उजागर करती है। जानें निहारिका के अनुभव और अनु के किरदार से मिली सीख के बारे में।
 

निहारिका चौकसे का किरदार अनु और उसके जीवन के सबक




मुंबई, 24 जून। टीवी की चर्चित अभिनेत्री निहारिका चौकसे इस समय अपने शो 'तुम से तुम तक' के लिए सुर्खियों में हैं। इस धारावाहिक में वह अनु का किरदार निभा रही हैं, जिसे दर्शकों से अपार प्यार मिल रहा है।


हाल ही में शो की कहानी में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया, जब अनु और आर्य ने कई कठिनाइयों के बाद शादी कर ली। इस नए अध्याय के बीच, निहारिका ने अपने किरदार और उससे मिली सीख के बारे में बातचीत की।


निहारिका ने कहा, ''जब मैं अनु के सफर पर नजर डालती हूं, तो मुझे लगता है कि इस किरदार ने मुझे जीवन की कई महत्वपूर्ण बातें सिखाई हैं। शो में कई ऐसे क्षण आए, जब अनु की जिंदगी पूरी तरह से बिखरती हुई दिखाई दी। हालात उसके खिलाफ थे, लेकिन उसने कभी प्यार पर विश्वास करना नहीं छोड़ा। यही अनु के किरदार की सबसे खास बात है।''


उन्होंने आगे कहा, ''अनु का प्यार कभी भी जल्दबाजी में लिया गया निर्णय नहीं था। उसके रिश्ते की नींव भरोसे, धैर्य और एक-दूसरे को समझने पर आधारित थी। आजकल ऐसे रिश्ते कम ही देखने को मिलते हैं, जहां लोग हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ देने की कोशिश करते हैं। अनु ने हमेशा अपने रिश्ते को समझदारी और विश्वास के साथ संभाला, जिससे वह हर मुश्किल समय में मजबूत बनी रही।''


निहारिका ने बताया, ''अनु ने आर्य का साथ अपने रिश्ते और प्यार पर भरोसे के चलते दिया। किसी भी रिश्ते की असली ताकत यही होती है कि लोग मुश्किल समय में भी एक-दूसरे का हाथ न छोड़ें। अनु और आर्य की कहानी इसी भरोसे और विश्वास की कहानी है, जिसने दर्शकों को भी भावुक किया है।''


उन्होंने कहा, ''यह किरदार मेरे दिल के बेहद करीब है। मैंने कई बार ऐसा महसूस किया है कि मैं खुद भी अनु की जिंदगी का हिस्सा बन गई हूं। जब कोई कलाकार लंबे समय तक किसी किरदार को निभाता है, तो उस किरदार की कुछ अच्छी बातें उसके अपने व्यक्तित्व का भी हिस्सा बनने लगती हैं।''


निहारिका ने साझा किया, ''अनु से मैंने कई सकारात्मक बातें सीखी हैं, जैसे कि हमेशा सकारात्मक रहना, लोगों को माफ करना और रिश्तों के लिए कभी हार न मानना। आज की तेज़-तर्रार जिंदगी में लोग अक्सर छोटी-छोटी बातों पर रिश्तों से दूर हो जाते हैं। ऐसे समय में अनु का किरदार यह संदेश देता है कि अगर कोई रिश्ता सच्चा और ईमानदार है, तो उसे बचाने और निभाने की कोशिश करनी चाहिए।''