क्या है 'तारक मेहता' के निर्देशक असित मोदी का टीवी के भविष्य पर नजरिया?
आईटीए अवॉर्ड शो में असित मोदी का बयान
मुंबई, 3 दिसंबर। भारतीय टेलीविजन अकादमी (आईटीए) ने अपने 25 साल पूरे होने का जश्न मनाया, जिसमें कई प्रमुख टीवी हस्तियों ने भाग लिया। इस अवसर पर, प्रसिद्ध शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के निर्देशक असित मोदी ने मीडिया से बातचीत की।
उन्होंने बताया कि इस अवॉर्ड शो का उद्देश्य भारतीय टेलीविजन के कलाकारों और तकनीशियनों की मेहनत को मान्यता देना है।
असित ने कहा, "25 वर्षों से शशि और अंजू जी इस अवॉर्ड समारोह का आयोजन कर रहे हैं। टीवी इंडस्ट्री में इतने लंबे समय तक एक अवॉर्ड शो का सफल होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। मैं यहां शशि और अंजू को बधाई देने आया हूं।"
टीवी और ओटीटी प्लेटफार्मों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "तकनीक का प्रभाव पड़ता है। लोग कहते हैं कि टीवी की लोकप्रियता कम हो रही है, लेकिन मेरा मानना है कि यदि हम अच्छा कंटेंट प्रस्तुत करेंगे, तो दर्शक जरूर लौटेंगे। टीवी परिवारों को एकजुट करने का कार्य करता है। इसे पूरा परिवार एक साथ देखता है।"
सोशल मीडिया और ओटीटी के बारे में उन्होंने कहा, "आज हर प्लेटफॉर्म पर बेहतरीन कंटेंट उपलब्ध है। चाहे वह ओटीटी हो, टीवी हो या सोशल मीडिया। दर्शकों के लिए जैसे एक बड़ा भोग है। ऐप पर भी पसंदीदा शो मिल जाते हैं। अगर कोई शो पसंद नहीं आया, तो चैनल या ऐप बदल सकते हैं।"
असित ने गर्व से कहा, "हमारा शो अभी भी चल रहा है, और जब तक संभव होगा, हम इसे जारी रखेंगे। मुझे खुशी है कि लोग इसे पसंद कर रहे हैं। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' केवल एक शो नहीं, बल्कि एक ब्रांड बन चुका है, जिसे दर्शकों से अपार प्यार मिला है। इसे मैंने और मेरी टीम ने बहुत मेहनत से बनाया है।"
उन्होंने यह भी कहा, "शशि जी और अंजू जी अवॉर्ड्स के लिए बहुत मेहनत करते हैं। टेलीविजन के लिए अभी तक कोई बड़ा अवॉर्ड शो नहीं है, जबकि फिल्मों के लिए भारत सरकार भी पुरस्कार देती है।"