क्या है 'जगधात्री' की माया का राज़? सायंतनी घोष ने साझा की अपनी भावनाएं
सायंतनी घोष का किरदार माया: परिवार के लिए हर हाल में खड़ी
मुंबई, 16 अप्रैल। टेलीविजन की दुनिया में कई ऐसे किरदार होते हैं जो दर्शकों के दिलों में गहराई से बस जाते हैं। जब कोई किरदार भावनाओं, रिश्तों और संघर्षों से भरा होता है, तो वह दर्शकों को अपनी जिंदगी से जोड़ता है। ऐसे ही एक प्रभावशाली किरदार को दर्शक इस समय टीवी शो 'जगधात्री' में देख रहे हैं, जिसे अभिनेत्री सायंतनी घोष निभा रही हैं। हाल ही में उन्होंने अपने किरदार और उससे जुड़ी भावनाओं के बारे में बात की।
शो की कहानी इस समय एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है, जहां रिश्तों, सच्चाई और धोखे के बीच टकराव देखने को मिल रहा है। हाल के एपिसोड में रुद्र (आयुष श्रीवास्तव) ने शिवाय पर गोली चलाई है, जिसका किरदार फरमान हैदर निभा रहे हैं। जगधात्री (सोनाक्षी बत्रा) को पूरा विश्वास है कि इस हमले के पीछे रुद्र का हाथ है। वह सच्चाई को उजागर करने की कोशिश करती है, लेकिन उसके पास ठोस सबूत नहीं होते, क्योंकि रुद्र चालाकी से अपने सभी निशान मिटा देता है।
इस बीच, माया देशमुख (सायंतनी घोष) का किरदार कहानी में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाता है। माया, जो रुद्र की बहन है, अपने भाई पर लगे आरोपों को मानने से इनकार कर देती है। वह अपने परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहती है और किसी भी हाल में उसे टूटने नहीं देना चाहती। माया के दिल में जगधात्री और शिवाय के लिए भी भावनाएं हैं, लेकिन वह अपने परिवार को प्राथमिकता देती है।
सायंतनी घोष ने कहा, 'माया का किरदार मेरे करियर के सबसे खास अनुभवों में से एक है। यह किरदार केवल बाहरी रूप से मजबूत नहीं है, बल्कि इसके अंदर कई भावनाएं और उलझनें हैं। माया एक ऐसी महिला है, जो हर हाल में अपने परिवार की रक्षा करना चाहती है और यही बात मुझे इस किरदार से जोड़ती है। हाल के एपिसोड में माया अपने परिवार को बचाने के लिए हर हद तक जाने को तैयार है, जो मुझे बहुत करीब से महसूस होता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'असल जिंदगी में भी मैं अपने परिवार के लिए हमेशा खड़ी रहती हूं। जैसे माया मुश्किल समय में मजबूत रहती है, वैसे ही मैं भी कठिन परिस्थितियों में हिम्मत नहीं हारती। माया के कुछ गुण ऐसे हैं, जिन्हें मैं अभी सीख रही हूं। एक कलाकार को इस तरह के किरदार बहुत कम मिलते हैं, जो इतना कुछ सिखाते हैं।'
सायंतनी ने कहा, 'जगधात्री' जैसे शो का हिस्सा बनना मेरे लिए खास है, क्योंकि इसकी कहानी नई सोच के साथ प्रस्तुत की गई है। यह शो रिश्तों और फैसलों की जटिलता को दर्शाता है। यही वजह है कि मैं अपने काम से अधिक जुड़ाव महसूस करती हूं और हर दिन कुछ नया सीखती हूं।'
आने वाले एपिसोड में कहानी और भी दिलचस्प होने वाली है। जगधात्री रुद्र के खिलाफ सबूत जुटाने की कोशिश करेगी और मूसा को खोजने का प्रयास भी करेगी। लेकिन कहानी में नया मोड़ तब आएगा जब शिवाय खुद पुलिस को बताता है कि रुद्र ने उसे गोली नहीं मारी। इस बयान के बाद मामला और उलझ जाता है।