×

क्या है 'चुंबक' की कहानी? जानें कैसे बदलते पड़ोसी रिश्तों पर आधारित है यह नई कॉमेडी सीरीज!

आतिश कपाड़िया की नई कॉमेडी सीरीज 'चुंबक' नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है, जो बदलते पड़ोसी रिश्तों पर आधारित है। यह कहानी पांच परिवारों के जीवन को दर्शाती है और यह दिखाती है कि कैसे विभिन्न स्वभाव के लोग एक-दूसरे से जुड़ते हैं। जानें इस सीरीज के पीछे की प्रेरणा और इसके निर्माण की कहानी।
 

आतिश कपाड़िया की नई कॉमेडी सीरीज 'चुंबक'

मुंबई, 10 सितंबर। लेखक और निर्देशक आतिश कपाड़िया ने अपनी हालिया कॉमेडी सीरीज 'चुंबक' के पीछे की प्रेरणा साझा की है। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है और इसमें पांच परिवारों की जिंदगी, उनके आपसी रिश्ते और पड़ोसियों के बीच के अनोखे बंधनों को दर्शाया गया है।


आतिश ने बताया कि इस कहानी का विचार उन्हें वर्तमान समय में पड़ोसी रिश्तों में आ रहे बदलावों को देखकर आया। पहले, पड़ोसी परिवारों का एक-दूसरे के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान होता था। सुख-दुख में एक-दूसरे का साथ देना सामान्य बात थी, लेकिन अब यह अपनापन कम होता जा रहा है।


उन्होंने कहा, ''पहले पड़ोसी हमारे लिए बहुत मायने रखते थे। बच्चे या बुजुर्ग, सभी को एक-दूसरे के घर छोड़ना आम था। आजकल, समाज बहुत औपचारिक हो गया है। अब पड़ोसी से भी पूछना पड़ता है कि क्या मैं अपनी चप्पल यहां रख सकता हूं, क्योंकि मेरे घर मेहमान आए हैं।''


आतिश ने पुराने और नए पड़ोसी रिश्तों के बीच के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा, ''पहले अगर किसी पड़ोसी के घर तेज आवाज में गाना बजता था, तो सीधे कहा जाता था, 'अरे, आवाज कम करो।' अब वही बात सोच-समझकर और औपचारिकता से कही जाती है।''


उन्होंने आगे कहा, ''इस बदलाव ने मुझे प्रेरित किया कि क्यों न पड़ोस के रिश्तों पर एक कहानी बनाई जाए। जब मैं नेटफ्लिक्स के लिए नए प्रोजेक्ट पर विचार कर रहा था, तब मुझे पड़ोस पर कहानी बनाने का ख्याल आया। इसके बाद मैंने जेडी मजेठिया से चर्चा की और हमने मिलकर पांच परिवारों को केंद्र में रखकर कहानी विकसित करने का निर्णय लिया। यहीं से 'चुंबक' का विचार जन्म लिया।''


आतिश ने बताया कि यह केवल पड़ोस में रहने वाले पांच परिवारों की कहानी नहीं है, बल्कि यह दर्शाती है कि विभिन्न स्वभाव के लोग एक-दूसरे से कैसे जुड़ते हैं। उन्हें लंबे समय तक सही नाम नहीं मिल रहा था, तब उनके बेटे अगस्त्य ने सुझाव दिया कि नाम ऐसा होना चाहिए जो लोगों को जोड़ने का अर्थ रखता हो। अगस्त्य की बात सुनकर उन्हें 'चुंबक' नाम पसंद आया।


आतिश ने कहा कि उन्होंने यह नाम जेडी मजेठिया के साथ साझा किया और फिर नेटफ्लिक्स की टीम के सामने रखा। सभी को यह नाम पसंद आया और इसी के साथ सीरीज का सफर आगे बढ़ा।


'चुंबक' का निर्माण और निर्देशन जेडी मजेठिया और आतिश कपाड़िया ने मिलकर किया है। इस सीरीज में नीना गुप्ता, देवेन भोजानी, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, सुमीत राघवन, संदीपा धर, सुमीत व्यास, मानसी पारेख, अनंत जोशी, अमायरा दस्तूर और डेलनाज ईरानी जैसे कलाकार शामिल हैं।