×

क्या है एंड टीवी के नए शो 'हे भगवान' की खासियत? जानें उज्जैन की अद्भुत कहानी!

एंड टीवी का नया शो 'हे भगवान- कितना बदल गया इंसान!' उज्जैन की पृष्ठभूमि में आधारित है, जो एक ईमानदार वकील की कहानी को दर्शाता है। इस शो की शूटिंग महाकाल नगरी में हुई है, जहां कलाकारों ने अद्भुत अनुभव साझा किए हैं। जानें इस शो की खासियत और कलाकारों के अनुभव के बारे में।
 

एंड टीवी का नया शो 'हे भगवान' प्रीमियर के लिए तैयार


उज्जैन, 26 फरवरी। एंड टीवी का नया धारावाहिक ‘हे भगवान- कितना बदल गया इंसान!’ अपनी अनोखी कहानी और आध्यात्मिक संदेश के साथ दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। इस शो की शूटिंग मध्य प्रदेश के महाकाल नगरी उज्जैन में की गई, जहां पहुंचे कलाकारों ने 'महाकाल' नगरी के अनुभव को अद्भुत बताया।


महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और आस्था की नगरी उज्जैन को कहानी की पृष्ठभूमि के लिए चुना गया है, जिससे शो में वास्तविकता और भावनात्मक गहराई का समावेश हुआ है। यह कहानी एक ईमानदार वकील महेश शर्मा की है, जो सत्य, नैतिकता और दैवीय मार्गदर्शन की खोज में निकलता है।


टीम ने उज्जैन के प्रसिद्ध घाटों, मंदिरों और शांत नदी तटों पर शूटिंग की। शहर की सादगी, पवित्र ऊर्जा और आध्यात्मिक माहौल ने कहानी को और भी जीवंत बना दिया।


इस शो में अभिनेता तरुण खन्ना महादेव का किरदार निभाते नजर आएंगे। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “उज्जैन में शूटिंग मेरे लिए बेहद खास रही। कहानी इसी शहर पर आधारित है, इसलिए यहां फिल्मांकन करने से प्रामाणिकता मिली, जो सेट पर नहीं मिल सकती। उज्जैन की आध्यात्मिक ऊर्जा इतनी शक्तिशाली है कि इससे महादेव के किरदार से मेरा जुड़ाव और गहरा हो गया। इस शेड्यूल की सबसे यादगार बात यह रही कि मैंने अपना जन्मदिन भी इसी पावन नगरी में मनाया। पैकअप के बाद मैं अक्सर मंदिरों में जाकर शांति के पल बिताता था।”


वकील महेश शर्मा की भूमिका निभा रहे जयशंकर त्रिपाठी ने कहा, “उज्जैन की शूटिंग ने मुझे अपने किरदार के सत्य और नैतिक मूल्यों से और गहराई से जुड़ने का अवसर दिया। यहां की आस्था और श्रद्धा का वातावरण किरदार की यात्रा को वास्तविक बनाता है। स्थानीय लोगों की सादगी और आत्मीयता ने मुझे बहुत प्रेरित किया। घाटों पर लोगों से बात करना और पारंपरिक पोहा-जलेबी का स्वाद लेना- ये सब अनुभव मेरे लिए व्यक्तिगत और आत्मिक दोनों स्तर पर खास रहे।”


‘हे भगवान- कितना बदल गया इंसान!’ हल्के-फुल्के अंदाज में पारिवारिक मनोरंजन के साथ आस्था, बदलते मूल्यों और दैवीय हस्तक्षेप की कहानी कहता है। यह शो जल्द ही एंड टीवी पर प्रीमियर होगा।