×

क्या है अर्चना पूरन सिंह और राकेश बेदी की कॉमेडी का राज? जानें इस खास एपिसोड में!

अर्चना पूरन सिंह और राकेश बेदी ने 'फैमिली फुल हाउस' में अपने कॉमेडी अनुभव साझा किए। अर्चना ने बताया कि कैसे उन्होंने बिना स्क्रिप्ट के एक सीन को शूट किया और राकेश ने उनकी तारीफ की। जानें इस खास एपिसोड में उनके मजेदार किस्से और कॉमेडी के उसूल।
 

अर्चना पूरन सिंह का अनोखा अनुभव




मुंबई, 21 सितंबर। क्रिकेटर रोहित शर्मा के चर्चित शो 'फैमिली फुल हाउस' में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह और अभिनेता राकेश बेदी गेस्ट के रूप में शामिल होंगे। इस एपिसोड में अर्चना ने राकेश के साथ अपने काम के अनुभव साझा किए।


उन्होंने बताया, "एक मजेदार किस्सा है कि हमने दूरदर्शन के लिए एक सीरियल 'जाने भी दो पारो' किया था। उस दौरान मैं डायरेक्टर और एक्टर दोनों थी, जबकि राकेश ने मेरे पति का किरदार निभाया था। पहले ओपनिंग सीन को हमने एक-दो बार देखा, लेकिन मजा नहीं आया। फिर राकेश ने मुझसे कहा कि स्क्रिप्ट को छोड़ दो और बस मेरी पहली लाइन बोलो, उसके बाद मैं जो भी कहूंगा, तुम उस पर प्रतिक्रिया दो।"


अर्चना ने बताया कि इस तरह उन्होंने बिना स्क्रिप्ट के ही सीन को जल्दी से शूट कर लिया।


अभिनेता राकेश बेदी ने अर्चना की तारीफ करते हुए कहा, "कुछ कलाकार ऐसे होते हैं जो आपके बेहतरीन साथी बन जाते हैं। हमने 4-5 साल तक साथ काम किया, जिसमें 'श्रीमान श्रीमती' और 'जाने भी दो पारो' शामिल हैं।"


उन्होंने कहा कि अर्चना जैसी दूसरी बेहतरीन कलाकार उन्होंने अपने करियर में नहीं देखी। अर्चना ने कॉमेडी के उसूलों पर बात करते हुए कहा, "कॉमेडी में यह नहीं सोचना चाहिए कि मैं दूसरे एक्टर से क्या छीनूं, बल्कि यह सोचना चाहिए कि मैं उसे क्या दूं जिससे उसका सीन और बेहतर हो सके।"


अर्चना ने याद किया कि कैसे वे दोनों एक-दूसरे की परफॉर्मेंस को निखारते थे। उन्होंने कहा, "हम हमेशा एक-दूसरे से कहते थे, 'राकेश, तुम यह बोलो, फिर मैं यह बोलूंगी।' इस तरह हम एक-दूसरे को पंच देते थे।"


उन्होंने कहा, "अगर मुझे उसके लिए कोई अच्छा पंच सूझता या उसे मेरे लिए कुछ अच्छा लगता तो हम वो पंच एक-दूसरे को दे देते थे। यह सोचकर कि अगर हम दोनों अच्छा करेंगे तो सीन और भी शानदार बनेगा। राकेश, आपके साथ काम करके बहुत मजा आया।"