×

क्या 'द ट्रेटर्स 2' में दोस्ती और विश्वास की परीक्षा होगी? करण जौहर ने ट्रेलर से बढ़ाया रोमांच!

करण जौहर ने 'द ट्रेटर्स 2' का ट्रेलर जारी किया है, जिसमें सस्पेंस और रोमांच का अद्भुत मिश्रण देखने को मिलेगा। इस बार 21 सेलिब्रिटी प्रतियोगी चुनौतीपूर्ण खेल में भाग लेंगे, जहां दोस्ती और विश्वास की परीक्षा होगी। जानें इस नए सीजन में क्या खास है और कब से इसे स्ट्रीम किया जाएगा!
 

करण जौहर का नया शो 'द ट्रेटर्स 2'




मुंबई, 7 अगस्त। बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और होस्ट करण जौहर एक बार फिर अपने रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' के दूसरे सीजन के साथ लौट रहे हैं। शुक्रवार को शो का एक रोमांचक ट्रेलर जारी किया गया, जिसमें सस्पेंस, धोखा, रणनीति और रोमांच का अद्भुत मिश्रण देखने को मिला।


ट्रेलर में करण ने दूसरे सीजन के बारे में कई दिलचस्प जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि इस बार का खेल पहले से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण होगा।


ट्रेलर में एक भव्य और रहस्यमय महल नजर आता है, जहां सभी प्रतियोगियों के चेहरे पर मुस्कान है, लेकिन उनके पीछे क्या चल रहा है, यह समझना आसान नहीं है। शो की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां हर बातचीत, मुस्कान और रिश्ता एक नई साजिश की शुरुआत कर सकता है। करण जौहर अपने खास अंदाज में कहते हैं, 'यह महल किसी सपने जैसा लगता है... और मैं इस सपने को डरावने ख्वाब में बदलने का इंतजार नहीं कर सकता।' उनके इस संवाद से स्पष्ट है कि दर्शकों को इस बार और भी अधिक रोमांच और सस्पेंस देखने को मिलेगा।


दूसरे सीजन में मनोरंजन, सोशल मीडिया, फैशन और अन्य क्षेत्रों से जुड़े 21 सेलिब्रिटी प्रतियोगी शामिल हैं। इनमें आदित्य कुलश्रेष्ठ, अभिषेक मल्हान, अंश चोपड़ा, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बराड़, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शाहनील गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, सौंदूस मोफाकिर और तान्या पुरी शामिल हैं। सभी प्रतियोगी एक ही लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे, लेकिन जीत उसी की होगी जो अपने दिमाग, धैर्य और रणनीति का सबसे बेहतर उपयोग करेगा।


करण जौहर ने पहले सीजन की सफलता का जिक्र करते हुए कहा, 'द ट्रेटर्स' ने पारंपरिक रियलिटी शो की भीड़ में अपनी अलग पहचान बनाई थी। पहले सीजन को मिले प्यार और समर्थन से यह स्पष्ट है कि दर्शक अब सामान्य टास्क या ड्रामे वाले रियलिटी शो से आगे बढ़कर कुछ नया देखना चाहते हैं। दूसरे सीजन में हमें दर्शकों को एक बड़ा और बेहतर अनुभव देना होगा। इसलिए इस बार खेल को और तेज, कठिन और अप्रत्याशित बनाया गया है।


करण ने आगे कहा, 'इस बार सभी प्रतियोगी शो के नियम, ट्विस्ट और ट्रैप्स को पहले से जानते थे। उन्होंने अपनी-अपनी रणनीति बनाकर आए थे। उनकी समझ और जीतने की इच्छा ने मुझे कई बार हैरान कर दिया। कई मौकों पर खिलाड़ियों ने ऐसे फैसले लिए जिनकी मैंने उम्मीद नहीं की थी।'


करण जौहर ने कहा, 'दर्शक इस बार रिश्तों का ऐसा रूप देखेंगे, जहां दोस्ती पलभर में टूट सकती है और भरोसा कुछ ही मिनटों में शक में बदल सकता है। यही 'द ट्रेटर्स' की असली खूबसूरती है। जब आपको लगता है कि आपने खेल को समझ लिया है, तभी पूरा खेल अचानक बदल जाता है।'


होस्ट के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए करण ने कहा, 'इस पूरे सफर को मैंने बहुत करीब से देखा है। कई घटनाएं ऐसी हुईं जिनके लिए मैं खुद भी तैयार नहीं था। मुझे लगता था कि मैं खेल की दिशा समझ चुका हूं, लेकिन हर बार खिलाड़ियों ने कुछ ऐसा किया जिसने पूरी कहानी बदल दी। इसलिए मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि दर्शक भी खुद को तैयार रखें, क्योंकि इस बार उन्हें ऐसा अनुभव मिलने वाला है जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी।'


'द ट्रेटर्स' का दूसरा सीजन 13 अगस्त से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा।