क्या 'कौन बनेगा करोड़पति' में पंजाब को लेकर उठे विवाद ने बिगाड़ा अमिताभ बच्चन का शो?
कौन बनेगा करोड़पति में विवादित सवाल
संगरूर, 22 नवंबर। अभिनेता अमिताभ बच्चन के प्रसिद्ध क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) में पंजाब से संबंधित एक सवाल ने विवाद खड़ा कर दिया है। इस सवाल ने पंजाब को अपराध और पुलिस थानों पर बम धमाकों से जोड़कर पेश किया, जिससे राज्य के निवासियों ने नाराजगी जताई है। इस मुद्दे पर संगरूर के एक वकील ने अमिताभ बच्चन और सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन को कानूनी नोटिस भेजा है।
इस नोटिस में विवादास्पद सवाल और उससे संबंधित वीडियो क्लिप को राष्ट्रीय मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने, पंजाब के लोगों से बिना शर्त माफी मांगने और पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की गई है। इसके लिए 15 दिनों का समय दिया गया है, और मांगें पूरी न होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
यह नोटिस रंजीत सिंह द्वारा एडवोकेट इंदरजीत अरोड़ा के माध्यम से भेजा गया है। नोटिस अमिताभ बच्चन को केबीसी के होस्ट के रूप में, एबी कॉर्प लिमिटेड के माध्यम से उनके दूसरे पते पर और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ को भेजा गया है।
एडवोकेट इंदरजीत अरोड़ा ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा, 'कुछ दिन पहले मेरे क्लाइंट ने मुझे सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले शो केबीसी के कुछ स्क्रीनशॉट और एक वीडियो क्लिप दिखाई थी। इसमें 12 लाख 50 हजार रुपए के सवाल के तौर पर पूछा गया था, 'हाल ही में किस राज्य में अपराधी पुलिस थानों पर बम धमाके करने से नहीं डरते?' इस सवाल के जरिए पंजाब को अपराध से जोड़कर दिखाने की कोशिश की गई है, जिससे राज्य की छवि पर असर पड़ सकता है।'
अरोड़ा ने आगे कहा, 'हमने इसी आधार पर सोनी टीवी और अमिताभ बच्चन को कानूनी नोटिस भेजा है। हमारी मांग है कि विवादित सवाल और वीडियो को तुरंत हटाया जाए और पंजाब के लोगों से बिना शर्त माफी मांगी जाए। किसी एक राज्य को इस तरह निशाना बनाना सही नहीं है।'
वकील ने वीडियो को लेकर एक और महत्वपूर्ण बिंदु उठाया। उन्होंने आशंका जताई कि संभव है कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार किया गया हो। यदि जांच में ऐसा सामने आता है, तो वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि 'कौन बनेगा करोड़पति' भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय क्विज शो में से एक है। इस शो की शुरुआत 2000 में हुई थी और अमिताभ बच्चन लंबे समय से इसके होस्ट हैं। यह शो ब्रिटिश क्विज शो 'हू वॉन्ट्स टू बी अ मिलियनेयर?' के भारतीय संस्करण पर आधारित है।
इस शो में प्रतियोगियों से सामान्य ज्ञान, इतिहास, विज्ञान, खेल, मनोरंजन और देश-दुनिया से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। हर सही जवाब के साथ प्रतियोगी इनामी राशि की सीढ़ी चढ़ता है और अंतिम सवाल तक पहुंचकर बड़ी रकम जीतने का मौका पाता है। सवालों का स्तर धीरे-धीरे कठिन होता जाता है। प्रतियोगियों को मुश्किल सवालों के जवाब देने के लिए लाइफलाइन का विकल्प भी मिलता है। शो में अमिताभ बच्चन प्रतियोगियों से सवाल पूछने के साथ उनसे बातचीत भी करते हैं.