क्या एपी ढिल्लों और अनुभव बस्सी लाएंगे 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में म्यूजिक और कॉमेडी का नया तड़का?
द ग्रेट इंडियन कपिल शो में म्यूजिक और कॉमेडी का धमाल
मुंबई, 5 फरवरी। 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' हमेशा से अपनी बेहतरीन कॉमेडी और मनोरंजक क्षणों के लिए प्रसिद्ध रहा है। इस बार शो में एक अनोखी जोड़ी नजर आएगी, जो दर्शकों को हंसी और संगीत का आनंद एक साथ प्रदान करेगी। पंजाबी गायक एपी ढिल्लों और स्टैंड-अप कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी आगामी एपिसोड में मेहमान के रूप में शामिल होंगे। नेटफ्लिक्स इंडिया ने इस शो का एक नया प्रोमो जारी किया है।
प्रोमो की शुरुआत कपिल शर्मा के मजेदार मजाक से होती है, जिसमें वह कहते हैं कि आज शो में दो ग्लोबल सितारे हैं, एक एपी ढिल्लों और दूसरा मैं, कपिल शर्मा। इस चुटीले अंदाज पर बस्सी हंस पड़ते हैं।
कपिल दर्शकों को बताते हैं कि एक ओर है वह गायक जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने टैलेंट का जलवा बिखेरता है, और दूसरी ओर है वह कॉमेडियन जिसकी बातें भी उतनी ही मजेदार हैं। जैसे-जैसे प्रोमो आगे बढ़ता है, हंसी और मस्ती का माहौल और भी बढ़ता जाता है।
कपिल ने एपी ढिल्लों के कॉन्सर्ट्स का जिक्र किया, जिनकी टिकटों की कीमत 6 लाख रुपए होती है। उन्होंने मजाक में कहा कि एपी स्टेज पर अपना टैलेंट दिखा रहे थे, जबकि दर्शक नीचे अपना टैलेंट दिखा रहे थे। इस पर पूरा स्टूडियो हंसने लगता है।
शो में अन्य कॉमेडी किरदारों की एंट्री से माहौल और भी मजेदार हो जाता है। कीकू शारदा छोटे शेख के रूप में और कृष्णा अभिषेक बड़े शेख के किरदार में नजर आते हैं, जो मिलकर माहौल को और भी खुशनुमा बनाते हैं। इसके बाद सुनील ग्रोवर अपने नए किरदार डायमंड राजा के रूप में आते हैं, जिससे एपिसोड में रोमांच और बढ़ जाता है।
पिछले एपिसोड में मशहूर संगीतकार ए. आर. रहमान भी शामिल हुए थे, जिनके साथ अभिनेता विजय सेतुपति, अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ जाधव भी थे। शो में कपिल के साथ एक मैसेज पासिंग गेम खेलते हुए ए. आर. रहमान ने कहा कि यह गेम इस बात का सही उदाहरण है कि कैसे एक बात एक कान से दूसरे कान तक पहुंचते-पहुंचते पूरी तरह बदल जाती है।
गौरतलब है कि ए. आर. रहमान अपने हिंदी सिनेमा और सांप्रदायिकता से जुड़े बयानों को लेकर विवादों में हैं।