×

क्या आप तैयार हैं? 'गुल्लक 5' में नए मोड़ और मजेदार बदलाव!

गुल्लक 5, जो मध्यमवर्गीय परिवार की जिंदगी को दर्शाता है, नए सीजन के साथ लौट रहा है। इस बार शो में तकनीक, सोशल मीडिया और परिवार के रिश्तों में बदलाव देखने को मिलेगा। शांति मिश्रा का किरदार नए मोड़ के साथ दर्शकों के सामने आएगा, जिसमें वह ऑनलाइन पहचान बनाने की कोशिश करेंगी। जानें इस नए सीजन में और क्या खास है, जो दर्शकों को फिर से जोड़ने वाला है।
 

गुल्लक का नया सीजन आ रहा है


मुंबई, 20 मई। मध्यमवर्गीय जीवन की वास्तविकता को दर्शाने वाला चर्चित शो 'गुल्लक' एक बार फिर नए सीजन के साथ वापसी कर रहा है। मिश्रा परिवार की छोटी-छोटी खुशियों, नोकझोंक और जिम्मेदारियों से दर्शक गहराई से जुड़ चुके हैं। 'गुल्लक 5' में दर्शकों को इस परिवार की जिंदगी में कुछ नए बदलाव देखने को मिलेंगे। इस बार कहानी में आधुनिक तकनीक, बदलते समय और सोशल मीडिया के प्रभाव को एक दिलचस्प तरीके से पेश किया जाएगा।


अभिनेत्री गीतांजलि कुलकर्णी, जो शांति मिश्रा का किरदार निभा रही हैं, ने नए सीजन के बारे में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, ''इस बार दर्शकों को नई चुनौतियों और खुशियों का सामना करना पड़ेगा। शांति हमेशा से मिश्रा परिवार की ताकत रही हैं, लेकिन इस बार वह बदलती दुनिया को समझने और उसके साथ तालमेल बिठाने की कोशिश करती नजर आएंगी।''


गीतांजलि ने आगे कहा, ''मुझे 'गुल्लक' की सबसे खास बात यह लगती है कि यह शो जीवन को बिना किसी दिखावे के सच्चाई से प्रस्तुत करता है। यही कारण है कि लोग इस शो के पात्रों में अपने परिवार को देख पाते हैं।''


इस बार कहानी में मिश्रा परिवार के घर में भी बदलाव देखने को मिलेगा। घर में नया रंग-रोगन, वाई-फाई कनेक्शन और नई चीजों को अपनाने की कोशिश की जाएगी। फिर भी, परिवार के पुराने संस्कार और एक-दूसरे के प्रति चिंता वैसी ही बनी रहेगी। शो यह संदेश देने का प्रयास करेगा कि बदलते समय में भी परिवार की असली ताकत एकजुटता और समझ में होती है।


नए सीजन में शांति मिश्रा की जिंदगी में एक नया मोड़ भी आएगा। 'बिट्टू की मम्मी' नाम से उन्हें ऑनलाइन पहचान मिलने लगेगी, जिससे वह सोशल मीडिया की दुनिया का आनंद उठाती नजर आएंगी।


'द वायरल फीवर' द्वारा निर्मित इस शो में जमील खान, गीतांजलि कुलकर्णी, हर्ष मायर, सुनीता राजवार, हेली शाह और अनंत जोशी जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।


'गुल्लक 5' का प्रीमियर 5 जून को सोनी लिव पर होगा।