क्या आप जानते हैं कौन बनेगा करोड़पति के दीपावली स्पेशल में कौन-कौन से सितारे होंगे शामिल?
दीपावली स्पेशल एपिसोड में सितारों की धमक
मुंबई, 25 अक्टूबर। फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण' के प्रमुख कलाकार रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे जल्द ही अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के दीपावली विशेष एपिसोड में दिखाई देंगे।
इस विशेष एपिसोड में त्योहार की खुशियों के साथ-साथ सितारों के बीच मजेदार बातचीत भी देखने को मिलेगी। शो के दौरान, अमिताभ बच्चन ने दीपावली से जुड़ी एक मजेदार घटना साझा की, जिसे सुनकर रणबीर, रवि और साई पल्लवी हंस पड़े।
अमिताभ ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, ''दीपावली की एक याद है कि अगर पड़ोसी के घर बम फटा है, तो हमारा बम उससे ज्यादा तेज होना चाहिए।'' उनकी इस बात पर सभी लोग हंस पड़े।
दीपावली स्पेशल एपिसोड का हाल ही में जारी किया गया प्रोमो दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इसमें रणबीर कपूर त्योहार की विशेषताओं के बारे में बताते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ''दीपावली का त्योहार, रामायण की कहानी और अपने प्रियजनों के साथ जश्न। इससे खास और क्या हो सकता है? तो आइए, हमारे साथ दीपावली का यह खास जश्न मनाएं 'कौन बनेगा करोड़पति' पर।''
प्रोमो में अमिताभ बच्चन पवनपुत्र हनुमान के सामने झुककर आशीर्वाद लेते हुए भी दिखाई देते हैं। इसके साथ ही, वह दर्शकों के साथ मिलकर 'बोलिए सिया पति रामचंद्र की जय' का जयकारा लगाते हैं। इस खास एपिसोड में दीपावली के उत्सव के साथ 'रामायण' से जुड़ी भक्ति और आस्था की झलक भी देखने को मिलेगी।
'कौन बनेगा करोड़पति' का दीपावली स्पेशल एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा।
वहीं, 'रामायण' की बात करें तो नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज द्वारा किया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म की अन्य कास्ट में काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
'रामायण' दो भागों में बनाई जा रही है, जिसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दीपावली 2027 के दौरान रिलीज होने की उम्मीद है।