क्या आप जानते हैं कौन बनेगा करोड़पति के दीपावली स्पेशल में कौन-कौन से सितारे होंगे शामिल?
दीपावली स्पेशल में सितारों की धमक
मुंबई, 25 अक्टूबर। फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी की आगामी फिल्म 'रामायण' के प्रमुख कलाकार रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे जल्द ही अमिताभ बच्चन के प्रसिद्ध क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के दीपावली विशेष एपिसोड में दिखाई देंगे।
इस विशेष एपिसोड में त्योहार की खुशियों के साथ-साथ सितारों के बीच मजेदार बातचीत भी देखने को मिलेगी। शो के दौरान, अमिताभ बच्चन ने दीपावली से जुड़ी एक दिलचस्प याद साझा की, जिसे सुनकर रणबीर, रवि और साई पल्लवी हंस पड़े।
अमिताभ ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, 'दीपावली की एक ही याद है कि अगर पड़ोसी के घर बम फटा है, तो हमारा बम उससे ज्यादा तेज होना चाहिए।' उनकी इस बात पर सभी लोग हंस पड़े।
दीपावली स्पेशल एपिसोड का हाल ही में जारी प्रोमो दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इसमें रणबीर कपूर त्योहार की विशेषताओं के बारे में बताते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'दीपावली का त्योहार, रामायण की कहानी और अपनों के साथ जश्न। इससे खास और क्या हो सकता है? तो आइए, हमारे साथ दीपावली का यह खास जश्न सेलिब्रेट कीजिए 'कौन बनेगा करोड़पति' पर।'
प्रोमो में अमिताभ बच्चन पवनपुत्र हनुमान के सामने झुककर आशीर्वाद लेते हुए भी दिखाई देते हैं। इसके साथ ही, वह दर्शकों के साथ मिलकर 'बोलिए सिया पति रामचंद्र की जय' का जयकारा लगाते हैं। इस खास एपिसोड में दीपावली के उत्सव के साथ 'रामायण' से जुड़ी भक्ति और आस्था की झलक भी देखने को मिलेगी।
'कौन बनेगा करोड़पति' का दीपावली स्पेशल एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा।
जहां तक 'रामायण' की बात है, नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म की अन्य कास्ट में काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
दो भागों में बन रही 'रामायण' का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरे भाग के दीपावली 2027 के दौरान रिलीज होने की उम्मीद है।