×

क्या अर्चना पूरन सिंह की आदतें हैं कंजूसी या समझदारी? जानें इस दिलचस्प एपिसोड में!

अर्चना पूरन सिंह अपनी अनोखी आदतों के लिए चर्चा में हैं, जिसमें वह रेस्टोरेंट में टिश्यू पेपर को संभालकर रखने की बात करती हैं। इस एपिसोड में अक्षय कुमार भी अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हैं, जब वह और अर्चना के पति काम की तलाश में भटकते थे। जानें इस दिलचस्प बातचीत में और क्या-क्या हुआ!
 

अर्चना पूरन सिंह की अनोखी आदतें


मुंबई, 10 अप्रैल। मनोरंजन की दुनिया में सितारे अक्सर अपनी फिल्मों और ग्लैमर के लिए चर्चा में रहते हैं, लेकिन कभी-कभी उनकी छोटी-छोटी आदतें भी लोगों का दिल जीत लेती हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प क्षण 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' के आगामी एपिसोड में देखने को मिलेगा। इस एपिसोड में अर्चना पूरन सिंह अपनी एक ऐसी आदत के बारे में खुलकर चर्चा करेंगी, जिसे लोग अक्सर कंजूसी समझते हैं।


शो के दौरान अर्चना ने बताया, ''जब मैं किसी रेस्टोरेंट में जाती हूं, तो वहां मिलने वाले बड़े टिश्यू पेपर को बिना पूरा इस्तेमाल किए फेंकने के बजाय उसे संभालकर रख लेती हूं, ताकि बाद में उसे मेकअप हटाने या साफ करने के लिए इस्तेमाल किया जा सके। हालांकि, मेरी इस आदत को लोग कंजूसी मानते हैं, जबकि यह चीजों को बर्बाद होने से बचाने की कोशिश है।''


उन्होंने आगे कहा, ''मैं पुरानी चीजों को फेंकने में विश्वास नहीं रखती। अगर कोई चीज पुरानी हो जाती है, तो उसे नए तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। उदाहरण के लिए, पुराने कपड़ों से झाड़न या पोछा बनाया जा सकता है। मेरे पास आज भी 25 से 30 साल पुराने कपड़े हैं। लोग मुझे सलाह देते हैं कि मैं इन्हें फेंक दूं क्योंकि फैशन बदल रहा है, लेकिन मेरा मानना है कि फैशन कभी खत्म नहीं होता, बल्कि समय के साथ वापस लौटता है। इसलिए मैं पुराने कपड़ों को संभालकर रखना बेहतर समझती हूं।''


इस एपिसोड में अक्षय कुमार भी अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हैं। उन्होंने बताया कि एक समय था जब वह और अर्चना के पति परमीत सेठी दोनों काम की तलाश में भटकते थे।


अक्षय ने कहा, ''हम दोनों मशहूर फिल्ममेकर सुभाष घई के ऑफिस के बाहर घंटों बैठकर मौके का इंतजार करते थे। उस समय हमारे पास काम नहीं था और भविष्य की चिंता सताती थी, लेकिन उन मुश्किल दिनों में भी उम्मीद और दोस्ती बनी रही। वह समय संघर्ष भरा था, लेकिन आज जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो वही दिन सबसे यादगार लगते हैं।''


अर्चना ने बताया कि बाद में अक्षय और परमीत सेठी ने फिल्म 'धड़कन' में साथ काम किया, जो सुपरहिट साबित हुई।


अक्षय मजाक में कहते हैं कि उन्होंने सुना है कि अर्चना ने कभी होटल से बाथरोब चुराया था। इस पर अर्चना ने जवाब दिया, ''अगर अक्षय यह साबित कर दें, तो मैं उन्हें मड आइलैंड वाला अपना बंगला दे दूंगी।''