कौन बनेगा करोड़पति में माधुरी दीक्षित ने साझा की मां की प्रेरणा की कहानी!
माधुरी दीक्षित की मां का योगदान
मुंबई (वेब वार्ता)। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित हाल ही में क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने शो के मेज़बान अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत में अपनी मां को याद किया।
माधुरी ने बताया कि उनकी मां का उनके डांस और कला में गहरा योगदान रहा है। उन्होंने अपनी मां के मजबूत व्यक्तित्व की तुलना अमिताभ बच्चन की दिवंगत मां तेजी बच्चन से की।
बातचीत के दौरान, अमिताभ बच्चन ने माधुरी से उनकी मां के साथ संबंध और उनसे मिली सीख के बारे में पूछा। उन्होंने कहा, 'क्या आप मानती हैं कि आपकी मां से आपने बहुत कुछ सीखा है?'
इस पर माधुरी ने उत्तर दिया, 'मेरी मां मेरी ताकत थीं। मैंने कला, डांस और आर्ट से जुड़ी कई चीजें उनसे ही सीखी हैं। आपकी मां की तरह, मेरी मां भी बहुत मजबूत थीं। जब मैं फिल्म इंडस्ट्री में आई थी, तब मैं बहुत छोटी थी। उस समय किसी की नकारात्मक बातें मुझे बहुत प्रभावित करती थीं। कई बार मैं दुखी होकर घर लौट आती थी। ऐसे में मेरी मां मुझे समझाती थीं कि कमजोर मत बनो और अपनी राह पर चलो। वह कहती थीं कि मेहनत करो और ईमानदारी से काम करो। एक बार सफलता मिलने के बाद सब कुछ सकारात्मक हो जाता है।'
इसके अलावा, शो में अमिताभ बच्चन ने माधुरी से डांस करने का अनुरोध किया और उनके लिए गाना बजाने को कहा। बिग बी ने कहा, 'कंप्यूटर जी, कृपया माधुरी के लिए एक गाना बजाइए।' जैसे ही मशहूर गाना ‘काहे छेड़ छेड़ मोहे’ बजा, माधुरी ने अपनी जगह पर बैठे-बैठे ही डांस करना शुरू कर दिया।
माधुरी ने अपनी अद्भुत मुद्राओं और चेहरे के एक्सप्रेशन से इस छोटी-सी परफॉर्मेंस को खास बना दिया। उनके क्लासिकल डांस की झलक देखकर दर्शक भी मंत्रमुग्ध हो गए। अमिताभ बच्चन ने उनकी परफॉर्मेंस की सराहना की और तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
परफॉर्मेंस के बाद बिग बी ने कहा, 'वाह! क्या बात है... अविश्वसनीय माधुरी।' इस तारीफ पर माधुरी भी मुस्कुराईं।
गौरतलब है कि माधुरी दीक्षित जल्द ही ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मराठी संस्करण ‘कोण होणार करोड़पति’ को होस्ट करती नजर आएंगी। इस शो के माध्यम से वह एक बार फिर क्विज रियलिटी शो की दुनिया में अपनी नई पारी शुरू करेंगी।