ईवा लोंगोरिया ने 'डेस्परेट हाउसवाइव्स' पर खोली चुप्पी: क्या कभी देखा अपना शो?
ईवा लोंगोरिया का अनोखा खुलासा
मुंबई, 27 मई। हॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री ईवा लोंगोरिया ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने प्रसिद्ध टीवी शो 'डेस्परेट हाउसवाइव्स' के बारे में चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने आज तक अपने ही शो को नहीं देखा।
ईवा ने 2004 से 2012 तक प्रसारित हुए इस शो में गैब्रिएल सोलिस का किरदार निभाया था, जो दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ। इस भूमिका ने उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई।
इस शो के लिए उन्हें कई पुरस्कार भी मिले, जिसमें दो बार स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवॉर्ड और गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड के लिए नामांकन शामिल हैं।
जेसी टायलर फर्ग्यूसन के साथ 'डिनर ऑन मी' पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए, ईवा ने कहा, "आजकल लोग इस शो को फिर से देख रहे हैं और यह स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर भी काफी चर्चित हो रहा है। मुझे बार-बार सलाह दी जाती है कि मैं भी इसे देखूं, लेकिन मैं हर बार मना कर देती हूं। आखिरकार, मैं खुद इस शो का हिस्सा रही हूं, तो मुझे इसे देखने की क्या आवश्यकता है?"
उन्होंने यह भी कहा, "मैंने इसे तब भी नहीं देखा जब यह पहली बार टीवी पर आया था। मैं कभी भी अपने काम को बैठकर नहीं देखती।"
'डेस्परेट हाउसवाइव्स' में ईवा के अलावा कई अन्य प्रसिद्ध कलाकार भी शामिल थे, जैसे टेरी हैचर, फेलिसिटी हफमैन, मार्सिया क्रॉस और निकोलेट शेरिडन। यह शो कुल 180 एपिसोड तक चला और उस समय के सबसे सफल टीवी कार्यक्रमों में से एक माना जाता था।
जब ईवा से शो के नए संस्करण के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "शो के निर्माता मार्क चेरी इसे फिर से शुरू करने के पक्ष में नहीं हैं। उनका मानना है कि सभी किरदारों की कहानी पहले ही पूरी तरह से दिखाई जा चुकी है और उन्हें अच्छे तरीके से समाप्त किया गया है, इसलिए उसी दुनिया को फिर से शुरू करना आसान नहीं होगा।"
ईवा ने पुराने टीवी शो और आज के कार्यक्रमों के बीच के अंतर को भी उजागर किया। उन्होंने कहा, "पहले एक शो में साल में 24 एपिसोड बनाए जाते थे और कहानी कई वर्षों तक चलती थी। आजकल अधिकांश शो केवल 6 या 8 एपिसोड तक सीमित होते हैं।"