×

इंदिरा कृष्णा ने गुरु पूर्णिमा पर मां को बताया अपना सबसे बड़ा गुरु!

टीवी की मशहूर अभिनेत्री इंदिरा कृष्णा ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपनी मां को अपना पहला गुरु बताया। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि मां ने उन्हें सही-गलत की पहचान और ईश्वर के प्रति आस्था सिखाई। इंदिरा का मानना है कि हर व्यक्ति के भीतर एक अंतरात्मा होती है, जो सही दिशा दिखाती है। जानें उनके विचार और सीखने की प्रक्रिया के बारे में।
 

इंदिरा कृष्णा का मां के प्रति सम्मान




मुंबई, 29 जुलाई। प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री इंदिरा कृष्णा वर्तमान में सीरियल 'गंगा माई की बेटियां' में दुर्गावती का किरदार निभा रही हैं, और अपने बेहतरीन अभिनय से दर्शकों का दिल जीत रही हैं। वह अपने जीवन के अनुभवों और विचारों को साझा करने में भी सक्रिय हैं।


गुरु पूर्णिमा के अवसर पर, इंदिरा ने अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण गुरु के बारे में बात की और बताया कि उनकी मां ही उनकी पहली गुरु हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के प्रारंभिक संस्कार, सही और गलत की पहचान, और ईश्वर के प्रति आस्था उन्हें अपनी मां से मिली।


इंदिरा ने कहा कि गुरु वही होता है जो जीवन में सही दिशा दिखाता है। उन्होंने यह भी बताया कि हर शिक्षक हमें कुछ न कुछ सिखाता है और सही-गलत के बीच का फर्क समझाता है, लेकिन उनके लिए उनकी मां सबसे पहली गुरु हैं।


उन्होंने कहा, "गुरु वह होता है जो आपका मार्गदर्शन करता है और आप उसी रास्ते पर आगे बढ़ते हैं। हर शिक्षक हमें बेहतर इंसान बनने और जीवन में सही-गलत की पहचान करना सिखाता है। लेकिन मेरे लिए मेरी मां ही मेरी पहली गुरु थीं। उन्होंने मुझे भगवान की पूजा करना सिखाया, बड़ों का सम्मान करना सिखाया और यह भी समझाया कि सच हमेशा हमारे कर्मों के जरिए जीतता है। इसलिए मेरी पहली गुरु मेरी मां ही हैं।"


अभिनेत्री ने आगे कहा कि जीवन में उन्हें कई विद्वान और अनुभवी लोग मिले हैं, जिन्होंने अलग-अलग समय पर उनका मार्गदर्शन किया और उनसे बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला।


उन्होंने कहा, "मैंने अपने जीवन में कई ऐसे लोगों से बहुत कुछ सीखा है, जिन्होंने मुझे सही दिशा दिखाई। लेकिन मेरा मानना है कि हर व्यक्ति के भीतर एक अंतरात्मा होती है, जो उसे सही और गलत के बीच के फर्क को बताती है। वही हमारी असली गुरु है।"


इंदिरा का मानना है कि इस अंदर की आवाज को शांत और संतुलित बनाए रखने के लिए ध्यान, आत्मचिंतन और मानसिक मजबूती आवश्यक है। उनका कहना है कि सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती। हर दिन इंसान कुछ नया सीखता है और अनजाने में दूसरों को भी कुछ न कुछ अच्छा सिखाता रहता है।


उन्होंने कहा, "मेरे लिए हर दिन कुछ नया सीखने का दिन होता है। साथ ही हर दिन ऐसा भी होता है, जब हम जाने-अनजाने अपने व्यवहार और अनुभवों से किसी दूसरे व्यक्ति को भी अच्छी बातें सिखा रहे होते हैं।"


गौरतलब है कि 'गंगा माई की बेटियां' में इंदिरा कृष्णा के साथ शीजान खान और अमनदीप सिद्धू भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका प्रसारण जी टीवी पर होता है।