अविनाश मिश्रा ने जीती 'खतरों के खिलाड़ी 15' की ट्रॉफी, जानें उनकी जीत की कहानी!
अविनाश मिश्रा बने 'खतरों के खिलाड़ी 15' के विजेता
मुंबई, 05 अक्टूबर (वेब वार्ता)। रोहित शेट्टी के स्टंट आधारित रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' का विजेता घोषित कर दिया गया है। टीवी अभिनेता अविनाश मिश्रा ने इस सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की है। 4 अक्टूबर को रात 9 बजे प्रसारित हुए ग्रैंड फिनाले में रोहित शेट्टी ने अविनाश को सीजन 15 का विजेता बताया। शो की शुरुआत से ही अविनाश की परफॉर्मेंस को देखकर उनकी जीत की उम्मीदें जताई जा रही थीं, और उन्होंने अपनी मेहनत से यह खिताब हासिल कर लिया।
ग्रैंड फिनाले में अविनाश का मुकाबला ऋत्विक धनजानी और ओरी से हुआ। फिनाले की रेस में सबसे पहले ओरी बाहर हुए। इसके बाद अविनाश और ऋत्विक के बीच ट्रॉफी के लिए अंतिम मुकाबला हुआ। शानदार स्टंट्स के बाद अविनाश ने ऋत्विक को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की, जबकि ऋत्विक रनरअप रहे। 'खतरों के खिलाड़ी 15' की शुरुआत 1 अगस्त को 13 प्रतियोगियों के साथ हुई थी।
ट्रॉफी के साथ मिले 20 लाख रुपये और कार
अविनाश मिश्रा ने कुल 12 प्रतियोगियों को पीछे छोड़कर सीजन का खिताब जीता है। उन्हें विजेता बनने के बाद केवल ट्रॉफी ही नहीं मिली, बल्कि 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी दी गई। इसके अलावा, उन्होंने एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार भी जीती। जीत के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस और साथी कलाकार उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं।
शुरुआत से ही स्टंट में दिखाया दम
अविनाश ने पूरे सीजन में हर स्टंट को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाई। उनका ध्यान शुरुआत से ही हर टास्क में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर था। खास बात यह रही कि कई बार जब कोई साथी प्रतियोगी चोट के कारण अपना स्टंट नहीं कर पाता था, तो अविनाश खुद आगे आकर वह स्टंट करने के लिए तैयार हो जाते थे।
उन्होंने कई बार अपने साथियों की मदद की और उनके लिए स्टंट परफॉर्म किया। शो के होस्ट रोहित शेट्टी ने भी कई मौकों पर अविनाश के जज्बे और हिम्मत की सराहना की है। अब सीजन जीतने के बाद अविनाश मिश्रा का नाम 'खतरों के खिलाड़ी' के विजेताओं की सूची में शामिल हो गया है।