×

अजय देवगन का नया सफर: 'क्राइम पेट्रोल' में होंगे खास मेज़बान!

बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन अब टीवी के चर्चित शो 'क्राइम पेट्रोल' में होस्ट के रूप में नजर आएंगे। वह असली अपराधों से प्रेरित कहानियों को दर्शकों के सामने पेश करेंगे। अजय ने बताया कि इस शो की कहानियां न केवल मनोरंजन करती हैं, बल्कि लोगों को सतर्क रहने का भी संदेश देती हैं। जानें इस शो में अजय का क्या खास योगदान होगा और दर्शकों की प्रतिक्रिया पर उनकी उपस्थिति कैसे निर्भर करेगी।
 

अजय देवगन का नया टीवी शो



मुंबई, 31 अगस्त (वेब वार्ता)। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अजय देवगन अब टीवी के लोकप्रिय क्राइम शो 'क्राइम पेट्रोल' से जुड़ने जा रहे हैं। इस शो में वह असली अपराधों से जुड़ी कहानियों को दर्शकों के सामने पेश करेंगे। अजय 'क्राइम पेट्रोल' के नए सीजन 'क्राइम पेट्रोल-क्राइम का करंट सीजन' को होस्ट करते नजर आएंगे।


अजय ने शो से जुड़ने के बारे में कहा कि उन्हें इसकी कहानियों में सबसे ज्यादा यह बात आकर्षित करती है कि ये वास्तविक अपराधों पर आधारित होती हैं। ऐसी कहानियां न केवल मनोरंजन करती हैं, बल्कि लोगों को अपने आस-पास की दुनिया को समझने और सतर्क रहने का भी अवसर देती हैं।


अजय देवगन ने अपने जुड़ाव पर चर्चा करते हुए कहा, 'मुझे इसकी वास्तविक कहानियां बहुत पसंद हैं। शो में जो घटनाएं दिखाई जाती हैं, वे अपराध के मामलों से प्रेरित होती हैं और इनमें से कुछ बेहद चौंकाने वाली होती हैं। कई बार इन घटनाओं में ऐसे लोग शामिल होते हैं, जिनके बारे में आम इंसान सोच भी नहीं सकता। यही चीज मुझे इस शो के प्रति उत्साहित करती है।'


उन्होंने आगे कहा, 'यह शो केवल अपराध की कहानी नहीं दिखाता, बल्कि यह भी दर्शाता है कि किसी मामले को सुलझाने के लिए पुलिस और जांच अधिकारियों को कितनी मेहनत करनी पड़ती है। दर्शकों को यह भी देखने को मिलता है कि किसी केस को हल करने के लिए क्या प्रयास किए जाते हैं। मैं इसे सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं मानता, बल्कि इसे जागरूकता फैलाने वाला कार्यक्रम भी मानता हूं।'


अजय ने कहा, 'क्राइम पेट्रोल की कहानियां दर्शकों को अपने आस-पास की परिस्थितियों के प्रति अधिक सतर्क रहने का संदेश देती हैं। शो देखने के बाद लोग समझ पाते हैं कि किसी अनजान या जान-पहचान वाले व्यक्ति पर बिना सोचे-समझे भरोसा करना हमेशा सही नहीं होता। यह जागरूकता हर उम्र के लोगों के लिए आवश्यक है, चाहे वे युवा हों, परिवार हों या बुजुर्ग।'


एक सूत्र ने बताया कि अजय के आगे के एपिसोड में बने रहने का निर्णय दर्शकों की प्रतिक्रिया के आधार पर लिया जाएगा। यदि उनकी मेज़बानी को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है और शो की टीआरपी बढ़ती है, तो उनकी उपस्थिति आगे भी जारी रहेगी।