सूर्या के 'डीएसपी इनबराज' का फर्स्ट लुक: क्या है इस बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सीन' में खास?
फिल्म 'सीन' का पहला लुक वीडियो जारी
चेन्नई, 26 अक्टूबर। निर्देशक जीतु माधवन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'सीन' के निर्माताओं ने हाल ही में सूर्या के किरदार 'डीएसपी इनबराज' का एक झलक दिखाने वाला वीडियो जारी किया है। इस फिल्म में सूर्या मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
सूर्या ने अपने एक्स टाइमलाइन पर इस वीडियो को साझा करते हुए लिखा, "नमस्ते दोस्तों, प्यार के साथ, डीएसपी इनबराज।" यह फिल्म 6 नवंबर को दीपावली के अवसर पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
वीडियो में, डीएसपी इनबराज (सूर्या) एक क्राइम सीन पर पहुंचते हैं, जहां सिबी नाम का एक कॉन्स्टेबल उनका स्वागत करता है। इनबराज और सिबी के बीच बातचीत होती है, जिसमें सिबी यह तय नहीं कर पाता कि वह इनबराज को "सर" कहे या "अन्ना"। अंततः, इनबराज उसे "सर" कहने की सलाह देते हैं।
जब वे क्राइम सीन के बाहर भीड़ के बीच से गुजरते हैं, तो इनबराज लोगों को "एक हाथ की दूरी" बनाए रखने के लिए कहते हैं।
इनबराज सिबी से पूछते हैं कि कोविड के समय इतनी भीड़ क्यों है। जब सिबी भीड़ को हटाने की बात करता है, तो इनबराज उसे रोकते हैं और कहते हैं कि भीड़ होगी, तभी तो रील्स देखने में मजा आएगा। वह सिबी को निर्देश देते हैं कि जो लोग वीडियो बना रहे हैं, उन्हें इसे वर्टिकल (सीधे) तरीके से शूट करने के लिए कहें।
एक अन्य दृश्य में, इनबराज किसी को धूम्रपान न करने की सलाह देते हैं और चेतावनी देते हैं कि ऐसा करने से उनकी प्रजनन क्षमता पर असर पड़ सकता है, हालांकि इसी वीडियो में इनबराज खुद सिगरेट पीते हुए भी दिखाई देते हैं।
इस वीडियो से स्पष्ट होता है कि सूर्या एक ऐसे पुलिसवाले का किरदार निभा रहे हैं, जो काफी चतुर और आम पुलिसवालों से अलग है।
फिल्म के निर्माताओं ने पहले ही बताया है कि नस्लेन इसमें विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। वह 'ईश्वरन' नाम के एक पात्र का किरदार निभा रहे हैं। नस्लेन के किरदार को दिखाने के लिए जारी किए गए वीडियो से यह स्पष्ट हो गया है कि वह फिल्म में एक "चेहराहीन, भावनाहीन और क्रूर शिकारी" का रोल कर रहे हैं।
एक दृश्य में, ईश्वरन किसी से कहते हुए दिखाई देते हैं, "डरो मत। मैं तुम्हें मारूंगा नहीं।" "गाड़ी स्टार्ट करो।"
गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में इस फिल्म की शूटिंग एक पारंपरिक पूजा के साथ शुरू हुई थी। झगरम स्टूडियोज द्वारा प्रोड्यूस की जा रही इस फिल्म को पहले 'सूर्या 47' के नाम से जाना जाता था।
यह फिल्म इस वर्ष के सबसे बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट्स में से एक है। जब से सूर्या और जितु माधवन के एक साथ काम करने की चर्चा शुरू हुई है, तब से ही फैंस और दर्शकों में इसे लेकर काफी उत्सुकता और उत्साह है।
फिल्म में सूर्या मुख्य भूमिका में हैं, जबकि नाजरिया नाजिम फीमेल लीड रोल निभा रही हैं। इसके अलावा, जॉन विजय और आनंदराज भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे।
विनीत ऑगस्टियन ने सिनेमैटोग्राफी की है, जबकि संगीत सुशिन श्याम ने दिया है। फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन अश्विनी काले ने किया है और एडिटिंग अजमल साबू ने की है। इस प्रोजेक्ट के स्टंट कोरियोग्राफर चेतन डी सूजी हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।