सिमरन: एक फैशन डिजाइनर से साउथ सिनेमा की स्टार बनने की कहानी
सिमरन का सफर: फैशन से फिल्म इंडस्ट्री तक
मुंबई, 3 अप्रैल। साउथ इंडियन सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री सिमरन ऋषि बग्गा को आज भी उनकी बेहतरीन एक्टिंग और डांस के लिए याद किया जाता है। उन्होंने तमिल, तेलुगू, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम करके अपनी एक अलग पहचान बनाई है। बहुत से लोग नहीं जानते कि सिमरन का सपना कभी फिल्मों में आने का नहीं था; वह तो एक फैशन डिजाइनर बनना चाहती थीं, लेकिन किस्मत ने उन्हें एक अलग दिशा में मोड़ दिया।
सिमरन का असली नाम ऋषिबाला नवल है, और उनका जन्म 4 अप्रैल 1976 को मुंबई में हुआ। उन्होंने अपनी शिक्षा भी मुंबई में प्राप्त की। सिमरन एक साधारण परिवार से थीं, लेकिन उनमें कुछ खास करने का जज़्बा था। बचपन से ही उन्हें फैशन और डिजाइनिंग में रुचि थी, और वह इसी क्षेत्र में करियर बनाना चाहती थीं। लेकिन जीवन ने उन्हें एक नया रास्ता दिखाया।
उनकी जिंदगी में बदलाव तब आया जब उन्होंने टीवी के म्यूजिक शो 'सुपहिट मुकाबला' में एंकरिंग शुरू की। इसी दौरान फिल्म निर्माताओं की नजर उन पर पड़ी और उन्हें फिल्मों के प्रस्ताव मिलने लगे। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म 'तेरे मेरे सपने' से अपने करियर की शुरुआत की, जिससे उन्हें पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने साउथ फिल्मों की ओर रुख किया, और यहीं से उनका असली स्टारडम शुरू हुआ।
सिमरन ने 1997 में तमिल फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और जल्दी ही टॉप एक्ट्रेस बन गईं। उनकी फिल्में 'थुल्लथा मनामुम थुल्लुम' और 'वाली' ने उन्हें अपार सफलता दिलाई। इन फिल्मों में उनकी अदाकारी को दर्शकों और आलोचकों ने सराहा। इसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया और इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
साल 2002 उनके करियर के लिए महत्वपूर्ण रहा, जब उन्होंने कमल हासन के साथ 'पम्मल के. सांबंदम' और 'पंचतंत्रम' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया। इसी दौरान उनकी फिल्म 'कन्नथिल मुथामित्तल' के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। उन्होंने न केवल रोमांटिक भूमिकाएं निभाईं, बल्कि हर प्रकार के किरदार में अपनी प्रतिभा साबित की।
हालांकि, शादी के बाद सिमरन ने कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बना ली। उन्होंने 2003 में दीपक बग्गा से विवाह किया और अपने परिवार पर ध्यान केंद्रित किया, लेकिन उनका फिल्मों के प्रति प्यार कभी कम नहीं हुआ। उन्होंने 2008 में फिल्म 'वारनम आयिरम' से शानदार वापसी की, जिसमें उन्होंने मां का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया और उन्हें पुरस्कार भी मिला।
सिमरन के करियर में कई बड़े पुरस्कार शामिल हैं, जिनमें तीन फिल्मफेयर अवार्ड्स साउथ, एक तमिलनाडु स्टेट फिल्म अवार्ड और कई अन्य सम्मान शामिल हैं।
आज भी सिमरन फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और समय-समय पर फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में नजर आती हैं।