सनबर्न फेस्टिवल 2026 में ह्यूगेल और मोचाक का धमाकेदार प्रदर्शन!
सनबर्न फेस्टिवल का भव्य समापन
मुंबई, 28 अक्टूबर। फ्रांसीसी डीजे और निर्माता ह्यूगेल तथा ब्राजील के डीजे मोचाक, सनबर्न फेस्टिवल 2026 के समापन समारोह में अपनी प्रस्तुति देंगे।
यह संगीत महोत्सव अपने 19वें संस्करण का समापन 20 दिसंबर को मुंबई के एमएमआरडीए ग्राउंड्स में एक विशेष 'क्लोजिंग पार्टी' के साथ करेगा, जिसमें ह्यूगेल और मोचाक मुख्य आकर्षण होंगे। यह फेस्टिवल 18 और 19 दिसंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित किया जाएगा। पहले दिन 'द चेनस्मोकर्स' और 'जेसन डेरुलों' जैसे कलाकारों की प्रस्तुति होगी, जबकि दूसरे दिन डीजे स्नेक और सेबेस्टियन इंग्रोसो अपने संगीत का जादू बिखेरेंगे।
ह्यूगेल ने वैश्विक 'हाउस म्यूजिक' में अपनी एक अद्वितीय पहचान बनाई है। वे 'हाउस', 'एफ्रो हाउस' और लैटिन-प्रेरित धुनों के अनोखे मिश्रण के लिए जाने जाते हैं। उनके 'बेला चाओ' रीमिक्स ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने 'आई अडोर यू', 'मोरेनिता' और 'ला वर्डोलागा' जैसे हिट ट्रैक जारी किए। उनके संगीत में लैटिन रिदम और क्लब-ओरिएंटेड ध्वनियों का संगम होता है, जो अंतरराष्ट्रीय डांसफ्लोर और फेस्टिवल स्टेज पर बेहद लोकप्रिय है।
मोचाक समकालीन इलेक्ट्रॉनिक संगीत में ब्राजील के सबसे प्रसिद्ध नामों में से एक बन गए हैं। वे 'हाउस म्यूजिक' के प्रति अपने अनोखे अंदाज और ऊर्जावान डीजे सेट के लिए जाने जाते हैं।
उनके संगीत में 'हाउस', ग्रूव-आधारित रिदम और ब्राजीलियाई संगीत का प्रभाव स्पष्ट है। उन्होंने दुनिया के प्रमुख फेस्टिवल्स और क्लबों में अपनी शानदार प्रस्तुतियों के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा प्राप्त की है।
उनके डीजे सेट का अंदाज बेहद प्रभावशाली होता है, जिसमें वे विभिन्न प्रकार के संगीत को एक साथ लाते हैं, और इस अनुभव का केंद्र हमेशा डांसफ्लोर होता है।
इन प्रस्तुतियों के बारे में बात करते हुए, सनबर्न के सीईओ करण सिंह ने कहा, "सनबर्न फेस्टिवल लगातार वैश्विक डांस म्यूजिक के बड़े नामों को भारत में लाता है। यह भारत के इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक परिदृश्य में हो रहे बदलावों और बढ़ती विविधता को भी दर्शाता है।"
उन्होंने आगे कहा, "इस साल के संस्करण में अंतरराष्ट्रीय कलाकारों और स्थानीय प्रतिभाओं का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। क्लोजिंग पार्टी इस फेस्टिवल के अनुभव को मुख्य कार्यक्रम से आगे ले जाती है। ह्यूगेल और मोचाक, दोनों ही डांसफ्लोर पर अपनी अलग संगीत पहचान लेकर आते हैं। इससे क्लोजिंग पार्टी, 'सनबर्न फेस्टिवल 2026' का एक शानदार समापन बन जाती है और यह उन धुनों का जश्न है जो आज के डांस म्यूजिक को आकार दे रही हैं।"