☰
×

शेरी अग्रवाल का तमिल सिनेमा में डेब्यू: 'साइकिल गैप' लाएगा प्यार की नई कहानी

अभिनेत्री शेरी अग्रवाल अब 'साइकिल गैप' फिल्म के जरिए तमिल सिनेमा में कदम रख रही हैं। यह फिल्म 1990 के दशक की प्रेम कहानियों को आज की भावनाओं के साथ जोड़ती है। शेरी ने इस अनुभव को शानदार बताया और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। फिल्म में नवाज और प्रभु शास्ता भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। जानें इस म्यूजिकल लव स्टोरी के बारे में और इसके संगीतकार के बारे में।
 

शेरी अग्रवाल का नया सफर




मुंबई, 30 अक्टूबर। अभिनेत्री शेरी अग्रवाल अब तमिल फिल्म 'साइकिल गैप' के जरिए साउथ सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। यह फिल्म 1990 के दशक की प्रेम कहानियों को आज की पीढ़ी की भावनाओं के साथ जोड़ती है।


शेरी ने बताया कि यह फिल्म पुरानी यादों और आधुनिक प्रेम का एक अद्भुत मिश्रण है। उन्होंने कहा, "एक अभिनेत्री के रूप में, 'साइकिल गैप' में काम करना मेरे लिए एक शानदार और यादगार अनुभव रहा। यह पुरानी यादों और नए जमाने के रोमांस का एक सुंदर संगम है। पूरी टीम बहुत सहयोगी थी, जिससे शूटिंग का अनुभव मजेदार और शिक्षाप्रद रहा।"


फिल्म से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "मैं भविष्य में इस अद्भुत टीम के साथ फिर से काम करना चाहूंगी। मैं प्रोड्यूसर और अभिनेता नवाज, निर्देशक एमआर भारती, डीओपी सोलोमन, हेमंत सेल्वराज, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सुजा सूर्या नीला और 'साइकिल गैप' की पूरी टीम को शुभकामनाएं देती हूं। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को उसी प्यार और उत्साह के साथ अपनाएंगे, जैसा कि हमने इसे बनाने में किया है।"


यह फिल्म संगीत, रोमांस और आम लोगों की भावनाओं से भरी हुई है, जो दो पीढ़ियों के प्यार को एक साथ लाने का प्रयास करेगी। यह एक ओर अतीत की याद दिलाएगी और दूसरी ओर आज के दर्शकों से भी जुड़ने की कोशिश करेगी। ट्यूबलाइट प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और एमआर भारती द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शेरी के साथ नवाज मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा, प्रभु शास्ता भी एक महत्वपूर्ण किरदार में नजर आएंगे।


फिल्म का संगीत नवोदित संगीतकार सतीश पद्मनाभन ने तैयार किया है, जबकि इसके गीतों को नरेश अय्यर, श्रीनिषा जयसीलन और कौशिक श्रीधरन ने गाया है। हालांकि, इस म्यूजिकल लव स्टोरी और पारिवारिक ड्रामा की रिलीज डेट अभी तक घोषित नहीं की गई है।