बिहार की चार फिल्मी हस्तियों को मिलेगा राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, जानें कौन हैं ये सितारे!
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2024: बिहार के चार सितारे सम्मानित
पटना, 20 सितंबर (वेब वार्ता)। बिहार की चार प्रमुख फिल्मी शख्सियतों को 2024 के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह बिहार के लिए विशेष महत्व रखता है। सम्मानित होने वालों में अभिनेता संजय मिश्रा, निर्देशक कमलेश के. मिश्र, निर्माता मिंटी मिश्रा और फिल्म समीक्षक संजीव श्रीवास्तव शामिल हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर को गुजरात के एकता नगर (केवाड़िया) में पुरस्कार प्रदान करेंगी। दरभंगा के संजय मिश्रा को फिल्म ‘भक्षक’ में उनके उत्कृष्ट अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का रजत कमल मिलेगा। यह फिल्म मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड से प्रेरित है।
गोपालगंज के कमलेश के. मिश्र और मिंटी मिश्रा को फिल्म ‘काकोरी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ जीवनीपरक/ऐतिहासिक पुनर्निर्माण/संकलन फिल्म का रजत कमल दिया जाएगा। यह फिल्म 1925 के ऐतिहासिक ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ की शताब्दी वर्ष पर बलिदानियों को श्रद्धांजलि है।
कमलेश के. मिश्र की फिल्म को पहले भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। उनकी फिल्म ‘मधुबनी: द स्टेशन ऑफ कलर्स’ को गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ कथन का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।
कमलेश मिश्र की पहली निर्देशित फीचर फिल्म ‘आज़मगढ़’ है, जिसमें पंकज त्रिपाठी ने मुख्य नकारात्मक भूमिका निभाई है। यह फिल्म आतंकवाद पर आधारित है। हाल ही में उन्होंने 2020 के दिल्ली दंगों पर एक डॉक्यूमेंट्री बनाई थी, जो काफी चर्चित रही।
काकोरी के निर्माता जसविंदर सिंह दिल्ली से हैं और मिंटी मिश्रा गोपालगंज की हैं। यह फिल्म उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से बनी है। संजय मिश्रा, जो दरभंगा के निवासी हैं, तीन दशकों से अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने 1995 में फिल्म ‘ओह डार्लिंग! ये है इंडिया!’ से अपने करियर की शुरुआत की थी।
सीतामढ़ी के संजीव श्रीवास्तव को हिंदी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक के लिए स्वर्ण कमल मिलेगा। वह दो दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता और फिल्म लेखन में सक्रिय हैं।
कमलेश के मिश्र ने ‘काकोरी’ को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने पर खुशी व्यक्त की और इसे समाज और इतिहास को प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने इसे काकोरी के बलिदानियों को श्रद्धांजलि के रूप में देखा।
मिंटी मिश्रा ने कहा कि काकोरी जैसी ऐतिहासिक घटना पर फिल्म बनाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस फिल्म के निर्माण में सभी का आभार व्यक्त किया।
श्री श्रीवास्तव ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए गर्व का क्षण है और बिहार की चार हस्तियों का सम्मानित होना भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।